मथुरा के कोसीकलां में 'फरसा वाले बाबा' की मौत के बाद हुए बवाल में पुलिस ने अब तक 20 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Mathura Voilance - मथुरा-हरियाणा बॉर्डर पर स्थित नवीपुर गांव के पास शनिवार सुबह हुए एक सड़क हादसे ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया था। इस हादसे में 'फरसा वाले बाबा' के नाम के गौरक्षक चंद्रशेखर की मौत हो गई थी।

इसके बाद उपद्रवियों ने कोसीकलां-छाता हाईवे पर करीब चार घंटे तक जाम लगाकर जमकर तांडव किया। भीड़ ने पुलिस पर पथराव और फायरिंग की, जिसमें दो दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए।

उपद्रवियों ने एसडीएम और एडीएम समेत एक दर्जन सरकारी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को रबर की गोलियां और 40 से अधिक आंसू गैस के गोले दागने पड़े।

​तीन थानों में चार मुकदमे दर्ज और ताबड़तोड़ दबिश 
मथुरा पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कोसीकलां, छाता और बरसाना थानों में कुल चार मुकदमे दर्ज किए हैं। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि उपद्रवियों की धरपकड़ के लिए सात विशेष टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों ने उत्तर प्रदेश के साथ-साथ राजस्थान और हरियाणा के 45 संभावित स्थानों पर छापेमारी की है।

पुलिस ने वीडियो फुटेज और सीसीटीवी के आधार पर अब तक 80 उपद्रवियों को चिन्हित किया है। छाता पुलिस ने हाईवे से 15 और बरसाना पुलिस ने आजनौख गाँव से 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

​दक्ष चौधरी समेत बाहरी जिलों के लोग भी शामिल 
गिरफ्तार किए गए लोगों में गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी दक्ष चौधरी, अक्कू पंडित, डॉ. प्रकाश सिंह के अलावा दिल्ली के नजफगढ़ निवासी सचिन और फतेहगढ़ के रितेश पाल जैसे बाहरी जिलों के लोग भी शामिल हैं।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि इन लोगों ने स्थानीय आक्रोश को भड़काने और माहौल खराब करने में सक्रिय भूमिका निभाई थी। पुलिस ने इनके कब्जे से 15 बाइकें, लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर और सात कारतूस के खोखे भी बरामद किए हैं।

​हादसे को लेकर भी दर्ज हुई एफआईआर

​बवाल के अलावा, मूल सड़क हादसे के मामले में भी पुलिस ने कार्रवाई की है। आजनौख गाँव के निवासी हरिओम की तहरीर पर ट्रक चालक खुर्शीद के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि ट्रक चालक की भी इलाज के दौरान आगरा में मौत हो चुकी है। वहीं, विश्व हिंदू परिषद के प्रांत अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल की तहरीर पर भी अज्ञात लोगों के खिलाफ पथराव और माहौल खराब करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब फरार चल रहे अन्य 60 चिन्हित उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।