रामनवमी पर 20 घंटे दर्शन देंगे रामलला: सूर्य की किरणों से होगा श्रीराम का अभिषेक, 15 लाख लोगों के अयोध्या पहुंचने का अनुमान

Ram Mandir Ayodhya
X
Ram Mandir Ayodhya
Ram Mandir Ayodhya: रामनवमी पर अयोध्या में रामलला का मंदिर 5 घंटे ज्यादा खुला रहेगा। 20 घंटे प्रभु दर्शन देंगे। मंगला आरती के बाद ब्रह्म मुहूर्त में 3:30 बजे से रामलला के दर्शन का सिलसिला शुरू होगा। 15 लाख श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचने का अनुमान है। 

Ram Mandir Ayodhya: रामनवमी 17 अप्रैल को है। अयोध्या सहित देशभर में रामलला के जन्मोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली बार अयोध्या में रामलला का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। रामनवमी पर अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर 5 घंटे ज्यादा खुला रहेगा। 20 घंटे प्रभु लोगों को दर्शन देंगे। सोमवार को अयोध्या में रामनवमी को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। राय ने कहा कि 17 अप्रैल को मंगला आरती के बाद ब्रह्म मुहूर्त में 3:30 बजे से रामलला के दर्शन का सिलसिला शुरू होगा। दर्शन के बीच रामलला का अभिषेक और श्रृंगार भी चलता रहेगा। चंपत राय ने कहा कि रामनवमी पर 15 लाख श्रद्धालुओं के देश-विदेश से अयोध्या पहुंचने का अनुमान है।

श्र‌द्धालुओं से अपील पर्दा बंद रहने के समय धैर्य रखें
चंपत राय ने आगे कहा कि रामलला की शृंगार आरती सुबह 5 बजे होगी। दर्शन और सभी पूजा चलती रहेगी। भगवान को भोग लगाने के लिए समय-समय पर थोड़ी देर के लिए पर्दा किया जाएगा। श्र‌द्धालुओं से अपील है कि पर्दा बंद रहने के समय धैर्य बनाकर रखें। बता दें कि अन्य दिनों राम मंदिर में श्रद्धालु 6:30 बजे से रात 9:30 बजे तक दर्शन करते हैं। रामनवमी के दिन राम मंदिर 5 घंटे ज्यादा खुला रहेगा। करीब 20 घंटे प्रभु दर्शन देंगे।

ठीक 12 बजे सूर्य की किरणों गर्भगृह में करेंगे प्रवेश
खासबात यह है कि रामनवमी पर पहली बार सूरज की किरणें राम मंदिर में विराजमान भगवान श्री रामलला का अभिषेक करेंगी। 17 अप्रैल को दोपहर ठीक 12 बजे मंदिर की तीसरी मंजिल पर लगाए गए ऑप्टोमैकेनिकल सिस्टम के जरिए सूर्य की किरणों गर्भगृह तक आएंगी। यहां किरणें दर्पण से परावर्तित होकर सीधे रामलला के मस्तक पर 4 मिनट तक 75 मिमी आकार के गोल तिलक के रूप में दिखेंगी। बता दें कि सूर्य तिलक को देश के दो वैज्ञानिक संस्थानों की मेहनत से साकार किया जा रहा है।

रामनवमी पर सभी विशेष VIP सुविधाएं निरस्त

  • रामनवमी पर राम मंदिर में तड़के 3:30 बजे से रात 11 बजे तक श्रद्धालुओं की एंट्री होगी। 11 बजे तक जो श्रद्धालु राम जन्मभूमि में आ जाएंगे, उन्हें दर्शन कराया जाएगा। इसके अलावा बाहर अगर ज्यादा संख्या में श्रद्धालु रहेंगे तो समय बढ़ाकर उन्हें दर्शन कराने पर विचार किया जा सकता है।
  • रामनवमी पर 16 से 19 अप्रैल तक सुगम दर्शन पास, VIP दर्शन पास, मंगला आरती पास, श्रृंगार आरती पास, शयन आरती पास नहीं बनेंगे। सभी विशेष VIP सुविधाएं निरस्त रहेंगी। ऑनलाइन बुकिंग भी नहीं होगी। पहले से बने पास निरस्त किए जा रहे हैं।
  • सुग्रीव किला के नीचे, बिड़ला धर्मशाला के सामने, राम मंदिर के प्रवेश द्वार पर श्रद्धालुओं के लिए हेल्प कैंप बनाया गए हैं। किसी भी तरह की असुविधा होने पर वहां जाकर मदद मांग सकते हैं।
  • श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में होने वाले सभी कार्यक्रमों का लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा। अयोध्या शहर में 100 जगहों पर LED स्क्रीन लगाई जाएगी। प्रसार भारती और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की ओर से रामनवमी के उत्सव का लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा।
  • राम मंदिर सहित अयोध्या के 10 हजार मंदिरों में दोपहर ठीक 12 बजे रामलला का प्राकट्य होगा।
WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story