नौशाद अहमद- सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से सड़क हादसे की बड़ी खबर सामने आई है। जहां कोतवाली थाना क्षेत्र के सुतिया नाला के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में दो और लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साई भीड़ ने पिकअप चालक की जमकर पिटाई कर दी। हालांकि वह पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन दो बाइक सवारों को कुचलते हुए आगे निकल गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, एक बाइक सवार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। मृतक की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है।
सूरजपुर जिले में दो बाइक सवारों को पिकअप वाहन ने कुचल दिया। हादसे में एक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल है। @SurajpurDist #Chhattisgarh #Accident pic.twitter.com/nPamxD5JCA
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 8, 2026
एक माह पहले ही पुलिस ने जब्त किया था वाहन
बताया जा रहा है कि, हादसे में शामिल पिकअप वाहन को कुछ माह पहले अवैध धान परिवहन के मामले में पुलिस ने जब्त किया था। लगभग एक माह बाद थाने से अवैध धान लेकर पीकअप चालक वापस अपने घर की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
फरार चालक की तलाश जारी
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने पिकअप चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी, लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पीकअप वाहन को जप्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।









