रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिनों के छत्तीसगढ़ प्रवास पर शनिवार शाम रायपुर पहुंचे। तय समय से आधे घंटे पहले ही वे यहां पहुंचे। विमानतल पर उनका स्वागत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के मंत्रियों, सांसद, विधायकों ने किया। रविवार को दिनभर बैठकों का दौर चलेगा।
इस बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश के डिप्टी सीएम और गृह मंत्री विजय शर्मा के साथ प्रदेश के पुलिस अधिकारी, नक्सल मोर्चे पर लगे आला अफसरों के साथ केंद्र सरकार के अधिकारी भी शामिल होंगे। सोमवार को श्री शाह बस्तर पंडुम महोत्सव का समापन करने बस्तर जाएंगे। श्री शाह तय कार्यक्रम के मुताबिक जम्मू से बीएसएफ के विमान से 4.10 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचे। विमानतल से सीधे श्री शाह होटल मेफेयर पहुंचे। मुख्यमंत्री श्री साय और डिप्टी सीएम विजय शर्मा भी होटल गए। होटल में करीब दो घंटों तक श्री शाह ने मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम के साथ रविवार को होने वाली बैठक को लेकर चर्चा की।
आज दिनभर बैठक : रविवार को नक्सलवाद पर
दिनभर बैठकों का दौर चलेगा। पहले चरण में 11 से 12.45 बजे तक पहली बैठक होगी। इसके बाद 12.45 से 2.00 बजे तक नक्सलवाद की समीक्षा बैठक होगी। दोपहर को 2 से 3 बजे का समय भोजन के लिए आरक्षित रखा गया है। इसके बाद फिर से 3.00 से लेकर 4.15 बजे तक बैठक होगी। बैठक में नक्सलियों के खिलाफ अब तक की गई कार्रवाई की श्री शाह के सामने जानकारी रखी जाएगी। इसी के साथ आने वाले समय में नक्सलवाद को समाप्त करने की रणनीति पर चर्चा होगी। बस्तर में नक्सलवाद से जुड़े कौन-कौन से गुट बचे हैं, उनको समाप्त करने लिए क्या-क्या किया जाएगा, इसको लेकर रणनीति बनेगी। 5.00 से लेकर 6.10 बजे तक श्री शाह साप्ताहिक पत्रिका 'ऑर्गेनाइजर' के 'भारत प्रकाशन' द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कॉन्क्लेव 'छत्तीसगढ़ @ 25 शिफ्टिंग द लेंस में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम अलग से दूसरे विमान से रायपुर लौटेंगे
कल जाएंगे बस्तर अपने दौरे के अंतिम दिन सोमवार को श्री शाह जगदलपुर, बस्तर, में आयोजित बस्तर पंडुम महोत्सव 2026 के समापन समारोह में शामिल होंगे। श्री शाह रायपुर से 11 बजे जगदलपुर के लिए बीएसएफ के विशेष विमान से रवाना होंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम विजय शर्मा, अरुण साव भी जाएंगे। 12.05 से 1.20 बजे तक पंडुम महोत्सव के समापन में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद भोजन करेंगे और फिर 2.15 बजे बीएसएफ के विमान से जगदलपुर से दिल्ली के लिए रखांना होंगे। मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम अलग से दूसरे विमान से रायपुर लौटेंगे।
विमानतल पर स्वागत
श्री शाह एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद संतोष पांडेय, बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर महापौर मीनल चौबे, विधायक मोतीलाल साहू, राजेश मूणत, मुख्य सचिव विकास शील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, अपर मुख्य सचिव (गृह) मनोज पिंगुआ तथा रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला उपस्थित थे।









