वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज में शुक्रवार सुबह बीए द्वितीय वर्ष के छात्र सूर्यप्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

वाराणसी: धर्म और शिक्षा की नगरी काशी के उदय प्रताप कॉलेज में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दिनदहाड़े एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बीए (द्वितीय वर्ष) के छात्र सूर्यप्रताप सिंह पर कॉलेज के ही सामाजिक विज्ञान संकाय के बरामदे में ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गईं।

खून से लथपथ छात्र को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहा उसने दम तोड़ दिया। इस वारदात के बाद कॉलेज परिसर छावनी में तब्दील हो गया है और छात्रों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

​बरामदे में बिछ गई लाश: तीन गोलियों ने छीनी छात्र की सांस 
कपसेठी थाना क्षेत्र के रहने वाले सूर्यप्रताप सिंह रोज की तरह शुक्रवार को भी कॉलेज आए थे। चश्मदीदों के मुताबिक, वे सामाजिक विज्ञान संकाय के बरामदे में मौजूद थे, तभी हमलावर उनके पास पहुंचा और बेहद करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

हमलावर ने सूर्यप्रताप के सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में तीन गोलियां दागीं। गोली लगते ही सूर्यप्रताप जमीन पर गिर पड़े और उनकी कॉपी-किताबें खून से सन गईं।

​कूड़े के ढेर में पिस्टल फेंका और फरार: 'चांदमारी' निवासी छात्र पर हत्या का आरोप

वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भागने लगा। बताया जा रहा है कि पकड़े जाने के डर से उसने कॉलेज परिसर में ही कुछ दूर स्थित एक कूड़े के ढेर में अपनी पिस्टल फेंक दी और वहां से फरार हो गया।

पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वारदात का आरोपी चांदमारी निवासी छात्र मनजीत है। सूर्यप्रताप के परिजनों और साथियों का आरोप है कि किसी पुराने विवाद के चलते मनजीत ने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया है।

​BHU में तोड़ा दम, पुलिस प्रशासन और फॉरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा 
गोली लगने के बाद पुलिस सूर्यप्रताप को पहले सिंह मेडिकल ले गई, जहाँ उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बीएचयू (BHU) ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी प्रमोद कुमार और एसीपी गौरव कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस ने कूड़े के ढेर से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल को बरामद करने का दावा किया है।

​छात्रों का उग्र प्रदर्शन: कॉलेज का मुख्य गेट बंद कर की नारेबाजी 
जैसे ही सूर्यप्रताप की मौत की खबर कॉलेज कैंपस में फैली, छात्र उग्र हो गए। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुख्य गेट बंद कर दिया और जमकर नारेबाजी की। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए परिसर से अन्य छात्रों को सुरक्षा कारणों से बाहर निकाला गया और भारी संख्या में पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई है। कॉलेज प्रशासन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है।