Logo
अंधविश्वास के कारण एक महीने के भीतर तीन लोगों की हत्या के मामले सामने आए हैं। जादू-टोना के शक में ग्रामीणों के बीच हिंसा बढ़ी है।पुलिस ने इन मामलों में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सिंगरौली। शहर को आमतौर पर देश के बड़े ऊर्जा केंद्रों के लिए जाना जाता है। यहां कई बड़े पावर प्लांट और औद्योगिक परियोजनाएं स्थापित हैं, जो आधुनिक विकास की तस्वीर पेश करती हैं। लेकिन इसी जिले के कुछ ग्रामीण इलाकों में आज भी अंधविश्वास की जड़ें इतनी गहरी हैं कि लोग छोटी-छोटी घटनाओं को भी जादू-टोना और अलौकिक शक्तियों से जोड़ देते हैं।

पिछले एक महीने में जिले के अलग-अलग गांवों में तीन लोगों की हत्या के मामले सामने आए हैं। इन घटनाओं के पीछे एक ही वजह बताई जा रही है-जादू-टोने का शक। पुलिस के अनुसार अफवाहों और अंधविश्वास ने लोगों को इतना उकसा दिया कि उन्होंने कानून को हाथ में लेकर हत्या जैसी वारदात को अंजाम दे दिया।

जादू-टोने से जोड़ते हैं बीमारियां-परेशानियां
ग्रामीण क्षेत्रों में कई बार बीमारी, फसल खराब होने या परिवार में लगातार परेशानियां आने जैसी घटनाओं को लोग किसी व्यक्ति के जादू-टोना करने से जोड़ देते हैं। जब ऐसी बातें गांव में फैलती हैं तो धीरे-धीरे अफवाह का रूप ले लेती हैं। कई बार बिना किसी सबूत के ही किसी व्यक्ति को डायन या तांत्रिक बता दिया जाता है और यही सोच हिंसा का कारण बन जाती है।

जियावन थाना क्षेत्र में हुई थी दोहरी हत्या
इन घटनाओं में सबसे भयावह मामला जियावन थाना क्षेत्र के लोहरा गांव में सामने आया। जानकारी के मुताबिक गांव के 22 वर्षीय युवक छत्रपति को शक था कि उसके पड़ोसी उसकी पत्नी पर जादू-टोना कर रहे हैं, जिसके कारण उनके घर संतान नहीं हो रही है। 12 फरवरी 2026 की रात वह कुल्हाड़ी लेकर पड़ोसियों के घर पहुंचा। उसने शक के आधार पर केवल (65 वर्ष) और फूलमती (50 वर्ष) को बुलाया और उन्हें घर में ले गया। इसके बाद उसने दोनों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

लोगों के सामने हुई घटना, कोई कुछ नहीं बोला
घटना के दौरान आसपास के लोगों ने चीख-पुकार सुनी और मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी के हाथ में कुल्हाड़ी देखकर कोई उसे रोकने की हिम्मत नहीं जुटा सका। लोगों के सामने ही उसने दोनों की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद को घर के अंदर बंद कर लिया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल बन गया है।

जादू-टोने के शक में कर दी बुजुर्ग की हत्या  
इसी तरह, सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र में जादू-टोना के शक में 75 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। पुलिस ने गुरुवार को इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक फरार है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने शव भी बरामद कर लिया है। मृतक की पहचान थाना बरगवां के ग्राम उज्जैनी निवासी जोखन उर्फ सूरे कोल (75) के रूप में हुई है।आरोपियों ने बताया कि उन्हें शक था कि जोखन कोल जादू-टोना करता है और उसी के कारण वृजेन्द्र यादव की तबीयत खराब रहती है। इसी संदेह में हत्या कर दी।

पूरे इलाके में अंधविश्वास का बोलबाला
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पिछले एक महीने में जिले में इस तरह की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें जादू-टोने के शक को हत्या की वजह बताया गया है। फिलहाल सभी मामलों में जांच जारी है और कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि ग्रामीण इलाकों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को अंधविश्वास से दूर रहने और कानून पर भरोसा करने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

7