haribhoomi hindi news
मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने सैलाना तहसील में पदस्थ पटवारी कैलाश वडख्या को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।

रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने सैलाना तहसील में पदस्थ पटवारी कैलाश वडख्या को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

सीमांकन के नाम पर मांगी रिश्वत
लोकायुक्त कार्यालय के अनुसार, सैलाना तहसील के ग्राम अडवानिया निवासी जितेंद्र पाटीदार ने 10 अप्रैल को उज्जैन पहुंचकर एसपी आनंद कुमार यादव को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनके पिता के नाम करीब 5 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जिसके सीमांकन के लिए उन्होंने 22 जनवरी को आवेदन किया था।

काफी समय तक काम नहीं होने पर जब उन्होंने पटवारी कैलाश वडख्या से संपर्क किया, तो आरोपी ने सीमांकन के बदले 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।

सौदेबाजी के बाद तय हुई रकम
शिकायत के अनुसार, 9 अप्रैल को पटवारी खुद आवेदक के घर पहुंचा और रिश्वत की मांग दोहराई। बातचीत के बाद 7 हजार रुपये कम कर 23 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।10 अप्रैल को आरोपी ने 3 हजार रुपये ले लिए थे, जबकि शेष 20 हजार रुपये बाद में देने की बात हुई।

जाल बिछाकर की गई कार्रवाई
शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। 16 अप्रैल को सैलाना तहसील कार्यालय के नायब नाजिर कक्ष में ट्रैप कार्रवाई की गई। जैसे ही पटवारी ने आवेदक से 20 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

इन अधिकारियों की रही टीम
इस कार्रवाई में निरीक्षक राजेंद्र वर्मा, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, आरक्षक विशाल रेशमिया, उमेश और श्याम शर्मा शामिल रहे।

केस दर्ज, आगे की जांच जारी
लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।

7