Ghaziabad News: गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनावनी इलाके में झुग्गी-झोपड़ियों और कबाड़ के गोदाम में अचानक आग लग गई। दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुई यह आग तेजी से फैलने लगी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें इतनी भयानक थी कि धुआं करीब 10 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। लोग डर के मारे अपने घरों से सामान और गैस सिलेंडर लेकर भागते नजर आए। इलाके में रहने वाले लोग घबराहट में इधर-उधर दौड़ते रहे थे।
आग की चपेट में आईं
आग ने देखते ही देखते सैकड़ों झुग्गी-झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नोएडा से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। डीएम रविंद्र कुमार के अनुसार, इस हादसे में लगभग यहां 150 से ज्यादा झुग्गियां प्रभावित हुई हैं, वहां कबाड़ का काम होता था और काम करने वाले लोग वहीं झुग्गियां बनाकर रहते थे। डीएम ने बताया कि डेढ़ घंटे पहले सूचना मिली थी और तुरंत अग्निशमन विभाग की टीम पहुंच गई थी।
वर्तमान स्थिति
अब तक सात दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में लगी हुई हैं। डीएम रविंद्र कुमार ने कहा कि आग अब आगे नहीं फैलेगी। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन अगर कोई लापता मिलता है तो सर्वे कराया जाएगा। एंबुलेंस मौके पर तैनात है और पास के अस्पतालों को भी सूचित कर दिया गया है। आग किन कारणों से लगी फिलहाल इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है।










