रतलाम। शहर में पैलेस रोड स्थित इंडियन बैंक की शाखा में शुक्रवार सुबह अचानक आग लग गई। जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुबह के समय बैंक परिसर से धुआं उठता दिखाई दिया और साथ ही बैंक का अलार्म सायरन भी बजने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत स्थिति को समझते हुए बैंक अधिकारियों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद कर्मचारी और अधिकारी जल्द ही मौके पर पहुंच गए। आगजनी की इस घटना में बैंक के एसी, 8 से अधिक कंप्यूटर और बड़ी मात्रा में दस्तावेज जल गए हैं।
सुबह सात बजे निकलते दिखा था धुआं
बताया जा रहा है कि सुबह करीब सात बजे के आसपास स्थानीय लोगों ने बैंक के अंदर से धुआं निकलते देखा। शुरुआत में किसी को ठीक-ठीक समझ नहीं आया कि अंदर क्या हुआ है, लेकिन कुछ ही देर में धुआं बढ़ने लगा। इसके बाद बैंक प्रशासन को सूचना दी गई। जब बैंक कर्मचारी मौके पर पहुंचे और शटर खोला, तो देखा कि अंदर बने एक केबिन से तेज धुआं निकल रहा है। उस समय तक आग फैल चुकी थी और अंदर रखा सामान धीरे-धीरे इसकी चपेट में आने लगा था।
दो दमकलों ने आग पर पाया काबू
इस घटना की सूचना कुछ ही समय बाद फायर ब्रिगेड को दी गई। लगभग 7:50 बजे के आसपास दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। तब तक आग की लपटें बैंक के अंदर फैलने लगी थीं और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को नुकसान पहुंच चुका था। फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत पानी की बौछार कर आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश शुरू की। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह काबू में किया जा सका।
बैंक के भीतर अधिकांश सामान जला
हालांकि तब तक बैंक के भीतर रखा काफी सामान जल चुका था। आग के कारण कई कंप्यूटर, एयर कंडीशनर और फर्नीचर को नुकसान पहुंचा। जानकारी के मुताबिक लगभग सात से आठ कंप्यूटर या तो जल गए या फिर आग बुझाने के दौरान डाले गए पानी से खराब हो गए। कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी आग और पानी दोनों की वजह से क्षतिग्रस्त हो गए। आग की तेज गर्मी के कारण बैंक मैनेजर के केबिन का कांच भी टूट गया और वहां लगा एसी पूरी तरह पिघल गया।
बैंक के ठीक ऊपर संचालित होती है कोचिंग
जिस भवन में यह बैंक संचालित हो रहा है, उसकी ऊपरी मंजिल पर एक कोचिंग सेंटर भी चलता है। सौभाग्य से घटना सुबह के समय हुई, जब वहां कोई मौजूद नहीं था। इस कारण किसी के घायल होने की खबर नहीं है। दमकल कर्मियों ने बैंक के अंदर पाइप ले जाकर आग बुझाई और बाद में कर्मचारियों ने भी बाल्टियों से पानी डालकर बची हुई चिंगारियों को शांत किया। घटना के बाद बैंक परिसर में चारों तरफ पानी फैल गया था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।










