Ladli Behna Yojana: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के घाटीगांव में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन में शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में योजना की 34वीं किस्त जारी करेंगे। सरकार की ओर से इस बार 1836 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से सीधे महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
ग्वालियर की 3 लाख से ज्यादा महिलाओं को मिलेगा लाभ
इस योजना के तहत ग्वालियर जिले की 3 लाख 2 हजार 850 महिलाओं के खातों में लगभग 44 करोड़ 83 लाख रुपए की राशि भेजी जाएगी। इससे जिले की बड़ी संख्या में महिलाएं आर्थिक रूप से लाभान्वित होंगी।
122 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम के दौरान जिले को विकास कार्यों की भी बड़ी सौगात देंगे। वे करीब 122 करोड़ रुपए की लागत से तैयार 54 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे।
इसके साथ ही राज्य सरकार की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता भी दी जाएगी, ताकि उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद मिल सके।
कई बड़े नेता होंगे कार्यक्रम में शामिल
घाटीगांव में आयोजित इस लाड़ली बहना सम्मेलन में कई प्रमुख जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट सहित राज्य सरकार के मंत्री नारायण सिंह कुशवाह और प्रद्युम्न सिंह तोमर भी शामिल होंगे।
इसके अलावा सांसद भारत सिंह कुशवाह, विधायक मोहन सिंह राठौर और जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश कुंवर सिंह जाटव समेत कई जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी। लाड़ली बहना योजना के जरिए राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास कर रही है।









