MP Weather Update: मध्य प्रदेश में इस साल अप्रैल की शुरुआत कुछ अलग ही रही। जहां आमतौर पर इस महीने में तेज गर्मी पड़ती है, वहीं इस बार आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर देखने को मिला। 1 से 9 अप्रैल के बीच प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार मौसम बदलता रहा।
हालांकि अब यह सिलसिला खत्म होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार से प्रदेश में बारिश का दौर थम जाएगा और इसके बाद भीषण गर्मी की शुरुआत होगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग भोपाल केंद्र के मुताबिक, दिन के तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
गुरुवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का असर देखने को मिला। खासकर पूर्वी जिलों जैसे उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, मंडला, सिवनी और बालाघाट में कहीं तेज आंधी चली तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। इसकी वजह साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती सिस्टम) की सक्रियता रही।
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार, अब अगले 5 दिनों तक प्रदेश में कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और तापमान तेजी से बढ़ेगा।
वहीं, 15 अप्रैल के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने की संभावना है। हालांकि इसका असर मध्य प्रदेश में ज्यादा नहीं पड़ेगा।
अगर मौसम के पैटर्न की बात करें तो अप्रैल और मई को साल के सबसे गर्म महीने माना जाता है। इस बार मार्च के दूसरे पखवाड़े में ही तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था। लेकिन मार्च के आखिरी दिनों और अप्रैल के पहले हफ्ते में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और साइक्लोनिक सिस्टम की वजह से तापमान में गिरावट आई।
पिछले 8-9 दिनों से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार बारिश हो रही थी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। लेकिन अब मौसम साफ होने के साथ ही गर्मी अपने तेवर दिखाने के लिए तैयार है।










