मध्यप्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के कई शहरों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है। गुरुवार को कई जगहों पर तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को दोपहर के समय गर्मी का असर साफ महसूस हुआ। मौसम विभाग के अनुसार सबसे अधिक तापमान नर्मदापुरम में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 37 डिग्री रहा, जो सामान्य से लगभग 4 डिग्री अधिक है।
प्रदेश के अन्य शहरों में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। रतलाम में 39.5 डिग्री, खजुराहो में 39 डिग्री, धार में 38.8 डिग्री, खंडवा में 38.1 डिग्री और शिवपुरी में 38 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, दतिया और गुना में भी तापमान 37 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सुबह के समय आर्द्रता अपेक्षाकृत ज्यादा रहती है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ इसमें तेजी से कमी आ जाती है। उदाहरण के तौर पर भोपाल में गुरुवार सुबह 44 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई, जो शाम तक घटकर 17 प्रतिशत रह गई। नमी कम होने और तेज धूप के कारण दिन में गर्मी ज्यादा महसूस हो रही है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है। आसमान साफ रहने और तेज धूप के कारण आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि मार्च महीने में लू चलने का अलर्ट नहीं है, लेकिन शुरुआती दिनों में ही पारा तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि इस साल अप्रैल और मई में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग, जबलपुर संभाग, रीवा संभाग, शहडोल संभाग और सागर संभाग के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभागों में भी गर्मी का असर ज्यादा रहने की संभावना जताई गई है।








