Logo
जबलपुर के कुंडम क्षेत्र के जमुनिया बदरिया गांव में एक युवक ने भोजन को लेकर हुए विवाद के बाद अपनी ही मां की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

जबलपुर। जिले के एक आदिवासी बहुल क्षेत्र से बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी ही मां की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि गुरुवार को युवक ने भोजन को लेकर हुए विवाद के बाद गुस्से में आकर यह खौफनाक कदम उठाया। घटना कुंडम थाना क्षेत्र के जमुनिया बदरिया गांव की है, जो जबलपुर शहर से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित है। जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह घर में सामान्य दिन की तरह कामकाज चल रहा था। उसी दौरान महिला का बड़ा बेटा घर पहुंचा और अपनी मां से खाने की मांग करने लगा। 

अनसुनी पर एकाएक भड़क उठा युवक
उस समय महिला घर के कामों में व्यस्त थी, इसलिए उसने तुरंत ध्यान नहीं दिया। कुछ समय बाद बेटे ने फिर से भोजन मांगा। इस बार मां ने कहा कि अभी खाना तैयार नहीं हुआ है। बनने में थोड़ा समय लगेगा। मां का यह जवाब सुनते ही युवक नाराज हो गया और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। बताया गया है कि शुरुआत में विवाद मामूली था, लेकिन धीरे-धीरे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घर में मौजूद छोटे बेटे और बेटी ने बीच-बचाव कर माहौल शांत कराने की कोशिश की। कुछ देर के लिए मामला शांत भी हो गया, लेकिन युवक का गुस्सा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ था।

हंसिया से मां के गले और सिर पर किए वार
करीब आधे घंटे बाद वह फिर अपनी मां के पास पहुंचा और दोबारा विवाद करने लगा। अचानक उसने घर में रखा एक तसला उठाकर मां पर हमला कर दिया। वार लगते ही महिला जमीन पर गिर गई। इस दौरान महिला के पति ने बेटे को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें भी धक्का देकर दूर कर दिया। इसके बाद युवक ने दीवार पर रखा हंसिया उठा लिया और अपनी मां के गले और सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस पूरी घटना को घर में मौजूद परिवार के अन्य सदस्य देख रहे थे, लेकिन आरोपी के हाथ में हथियार होने के कारण कोई उसे रोकने की हिम्मत नहीं कर सका।

घटना के बाद युवक ने घर वालों को धमकाया
वारदात को अंजाम देने के बाद युवक ने घरवालों को धमकाया और वहां से भागकर जंगल की ओर निकल गया। घटना के बाद मृत महिला के पति ने पुलिस को सूचना दी और शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही कुंडम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पूरे दिन की तलाश और घेराबंदी के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को जंगल क्षेत्र से पकड़ लिया। बाद में उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। 

5379487