haribhoomi hindi news
मंगलवार को राजधानी भोपाल समेत 34 जिलों में मौसम का असर देखने को मिलेगा। इन जिलों में दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

MP Weather Alert: मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश का नया सिस्टम सक्रिय हो गया है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग (IMD), भोपाल ने 9 अप्रैल तक तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है।

मंगलवार को राजधानी भोपाल समेत 34 जिलों में मौसम का असर देखने को मिलेगा। इन जिलों में दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा, उज्जैन, रतलाम, नीमच, मंदसौर, निवाड़ी, टीकमगढ़, सागर, दमोह, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी और अनूपपुर में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में आंधी की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि अन्य स्थानों पर 30 से 40 किमी/घंटा की गति से हवाएं चलेंगी।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह सिस्टम 8 और 9 अप्रैल को भी सक्रिय रहेगा और इसका असर ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग के जिलों में देखने को मिलेगा। इसके बाद 11 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) सक्रिय हो सकता है, जिससे मौसम में फिर बदलाव आने की संभावना है।

गौरतलब है कि इससे पहले 4 से 6 अप्रैल के बीच भी प्रदेश में मौसम का तीखा असर देखने को मिला था। इस दौरान कई जिलों में ओलावृष्टि और तेज आंधी-बारिश दर्ज की गई थी, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

7