भोपाल। मध्य प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने अगले सप्ताह से भोपाल, चंदेरी और ओरछा के बीच पीएमश्री हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। इस सेवा का उद्देश्य प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों तक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है। यह हेलीकॉप्टर सेवा सप्ताह में 5 दिन संचालित की जाएगी। सोमवार तथा मंगलवार को यह सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी। इस सेवा का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को प्रसिद्ध राम राजा मंदिर में वीआईपी दर्शन की सुविधा भी मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि इस सेवा को शुरुआत में 12 फरवरी से शुरू करने की योजना थी, लेकिन बाद में इसे इसे अगले सप्ताह से शुरू करने का फैसला किया गया है। यह सेवा मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड और मेसर्स जेट सर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के बीच हुए अनुबंध के तहत पीपीपी मॉडल पर संचालित की जाएगी। यानी राज्य सरकार और निजी कंपनी मिलकर इस परियोजना को संचालित करेंगी।
यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए ओरछा हेलीपैड पर विशेष तैयारियां की गई हैं। वहां पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, साथ ही एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को भी तैयार रखा जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। इस सेवा का एक बड़ा आकर्षण यह है कि यात्रियों को प्रसिद्ध राम राजा मंदिर में वीआईपी दर्शन की सुविधा भी मिलेगी।
मंदिर समिति द्वारा टूर ऑपरेटर को वीआईपी पास उपलब्ध कराए जाएंगे, हालांकि टिकट शुल्क का भुगतान ऑपरेटर कंपनी को करना होगा। यह सुविधा खास तौर पर बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और कम समय में यात्रा पूरी करने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए लाभकारी साबित होगी। किराए की बात करें तो भोपाल से ओरछा तक प्रति सीट 6500 रुपए, भोपाल से चंदेरी 5500 रुपये और चंदेरी से ओरछा 2750 रुपये निर्धारित किए गए हैं।
रविवार, गुरुवार और शनिवार को हेलीकॉप्टर भोपाल से सुबह 9:30 बजे रवाना होकर पहले चंदेरी और फिर ओरछा पहुंचेगा। वापसी में दोपहर बाद ओरछा से उड़ान भरकर भोपाल लौटेगा। वहीं बुधवार और शुक्रवार को भोपाल और ओरछा के बीच सीधी उड़ान संचालित की जाएगी। कुल मिलाकर यह सेवा न केवल समय की बचत करेगी, बल्कि मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक और धार्मिक पर्यटन स्थलों को नई पहचान और गति देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।











