मध्यप्रदेश में LPG सिलेंडर की कमी से हंगामा। सागर-रायसेन रोड पर प्रदर्शन, छिंदवाड़ा में गैस के लिए लंबी कतारें और पुलिस बल तैनात।

LPG Cylinder Crisis: LPG की कमी से पूरे मध्यप्रदेश में लोग परेशान हैं। कुछ गुस्साए ग्राहकों ने अपने खाली सिलेंडर सड़क पर रख दिए और सागर-रायसेन रोड पर विरोध प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है कि, पिछले पांच दिनों से 50,000 से ज्यादा होटलों और रेस्टोरेंट को कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई नहीं मिल रही है। इस कमी ने खाने-पीने के सामान बेचने वाले बिजनेस के लिए गंभीर समस्याएं खड़ी कर दी हैं, जिनमें से कई का कहना है कि अब उनके पास सिर्फ़ 24 घंटे का गैस स्टॉक बचा है।

बंद करने पड़ सकते हैं कई होटल
रेस्टोरेंट मालिकों का कहना है कि स्थिति को संभालना मुश्किल होता जा रहा है। कुछ ने विकल्प के तौर पर इंडक्शन स्टोव और डीजल फर्नेस का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है, लेकिन ये विकल्प बड़े किचन की जरूरतों को पूरा करने के लिए काफी नहीं हैं। अगर जल्द ही सप्लाई बहाल नहीं की गई, तो कई होटलों के किचन बंद करने पड़ सकते हैं।

सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात
एक ओर पर्यापत एलपीजी सिलेंडर होने का दावा किया जा रहा है वहीं दूसरी ओर लोग कतारों में खड़े हैं। ताजा तस्वीर छिंदवाड़ा से सामने आई है जहां लोग घरेलू गैस सिलेंडर के लिए कतारों में खड़े दिखाई दिए। सुरक्षा के लिए पुलिस बल भी तैनात की गई थी। 

शनिवार सुबह से लोग एलपीजी गैस सिलेंडर के लिए कतारों में खड़े हो गए। पुलिस की मौजूदगी में एजेंसी से गैस डिस्ट्रीब्यूशन शुरू हुआ। प्रशासन का कहना है कि, एलपीजी सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक है लेकन ग्राहकों का कहना है कि, उन्हें सिलेंडर के लिए एक हफ्ते का इंतजार करना पड़ा।

दरअसल, अब 25 दिन के बाद ओटीपी जनरेट हो रहा है। इसके बाद ही कंज्यूमर को सिलेंडर मिल पा रहा है। एक ओर गैस का अवैध भंडारण भी हो रहा है तो दूसरी ओर प्रशासन छापेमार कार्रवाई के द्वारा सिलेंडर जब्त भी कर रहा है।