भोपाल। मध्यप्रदेश में नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही आज से लाखों श्रमिकों के वेतन में बढ़ोतरी जाएगी। राज्य के लगभग 50 लाख कामगारों को इस फैसले का लाभ मिलेगा, जिसमें सरकारी विभागों से जुड़े कर्मचारी और निजी उद्योगों में काम करने वाले श्रमिक दोनों शामिल हैं। श्रम विभाग द्वारा 1 अप्रैल 2026 से नई न्यूनतम वेतन दरें लागू कर दी गई हैं, जिससे मजदूरों की मासिक आय में कुछ हद तक इजाफा हुआ है।
वीडीए के आधार पर अपडेट होता है डेटा
इस संशोधन का मुख्य कारण महंगाई दर में हुई वृद्धि है। दरअसल, परिवर्तनीय महंगाई भत्ता (वीडीए) के आधार पर वेतन को समय-समय पर अपडेट किया जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत इस बार मजदूरों के दैनिक वेतन में औसतन लगभग 9 रुपए की बढ़ोतरी की गई है, जो महीने के हिसाब से करीब 234 रुपए बैठती है। नई दरों के अनुसार अब श्रमिकों का वेतन लगभग ₹12,425 से बढ़कर ₹16,769 तक पहुंच गया है, जो उनकी कौशल श्रेणी पर निर्भर करता है।
इस बदलाव से श्रमिकों को मिलेगी राहत
सरकार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक यह बदलाव जुलाई से दिसंबर 2025 के बीच महंगाई सूचकांक में आई वृद्धि को ध्यान में रखते हुए किया गया है। न्यूनतम वेतन अधिनियम, 1948 के अंतर्गत आने वाली करीब 67 अलग-अलग श्रेणियों के कर्मचारियों पर यह नई व्यवस्था लागू होगी। इसमें अकुशल, अर्द्धकुशल, कुशल और उच्च कुशल सभी वर्गों के श्रमिक शामिल हैं। हालांकि, इस फैसले से श्रमिकों को कुछ राहत जरूर मिलेगी, लेकिन कर्मचारी संगठनों में इसको लेकर नाराजगी भी देखने को मिल रही है।
श्रमिक संघों ने कहा यह वृद्धि बहुत कम
कई संगठनों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के मुकाबले यह वृद्धि बहुत कम है और इससे जीवन-यापन की लागत पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। उनका मानना है कि केंद्र सरकार के बराबर वेतन की उम्मीद थी, जो करीब 26 हजार रुपए मासिक के आसपास होना चाहिए था, लेकिन नई दरें इस अपेक्षा से काफी कम हैं। कुल मिलाकर, सरकार का यह कदम महंगाई के प्रभाव को संतुलित करने की कोशिश जरूर है, लेकिन श्रमिक वर्ग की अपेक्षाओं को पूरी तरह संतुष्ट नहीं कर पाया है।
एक नजर में देखें कितना बढ़ा वेतन
(वेतन बढ़ोतरी 26 दिन काम के आधार पर)
- सभी श्रेणियों (अकुशल, अर्द्धकुशल, कुशल, उच्च कुशल) के वेतन में ₹234 की वृद्धि।
- अकुशल मजदूर का वेतन ₹12,191 से बढ़कर अब ₹12,425 हो गया है।
- अर्द्धकुशल मजदूर का वेतन ₹13,187 से बढ़कर अब ₹13,421 हुआ है।
- कुशल श्रमिक को अब ₹15,144 और उच्च कुशल को अब ₹16,769 मिलेंगे।
- सरकारी विभागों में दैनिक वेतन 30 दिन के आधार पर तय किया गया है।
- अकुशल मजदूर को ₹414 प्रतिदिन और उच्च कुशल को ₹559 प्रतिदिन मिलेंगे।
- यह बढ़ोतरी मजदूरों की आय बढ़ाने और महंगाई से राहत देने के लिए की गई है।
ये हैं सेक्टर वाइज लागू नई दरें
स्लेट-पेंसिल उद्योग: मजदूर: ₹478 प्रतिदिन -पेंटर/पैकर: ₹499 प्रतिदिन
-क्लर्क/लेखाकार: ₹582 प्रतिदिन-पेंटर/पैकर (अन्य श्रेणी): ₹635 प्रतिदिन
-उच्च कुशल: ₹645 प्रतिदिन-कटर: ₹665 प्रतिदिन
कृषि क्षेत्र: अकुशल श्रमिक: ₹334 प्रतिदिन मासिक वेतन: ₹10,012
बीड़ी उद्योग: 1000 बीड़ी बनाने पर पेमेंट: ₹135.19-भत्तों सहित कुल पेमेंट: ₹167.96
अगरबत्ती श्रमिक: 1000 अगरबत्ती रोलिंग: ₹72.75-सेंटेड स्टिक (सुगंधित): ₹73.50









