रतलाम। मध्यप्रदेश प्रीमियर लीग (एमपीएल) 2026 की नीलामी में रतलाम के उभरते क्रिकेटर आशुतोष शर्मा को मालवा स्टैलियंस टीम ने 15 लाख रुपए में खरीदा है। यह इस सीजन की सबसे ऊंची बोली है। इस उपलब्धि के बाद आशुतोष प्रदेश के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। नीलामी की जानकारी मिलने के बाद आशुतोष के परिवार में खुशी का माहौल है। खुद उन्होंने फोन कर अपनी मां और बड़े भाई को यह खुशखबरी दी। बता दें आशुतोष इस समय आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स टीम का हिस्सा हैं। वह लगातार तीसरे सीजन में इस टीम के साथ हैं
IPL में भी दिखा चुके हैं दम
मां हेमलता शर्मा ने बताया कि बचपन से ही बेटे को क्रिकेट से गहरा लगाव रहा है। परिजनों के मुताबिक, आशुतोष ने बहुत छोटी उम्र से ही क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। करीब 9 साल की उम्र से वह नियमित रूप से मैदान में अभ्यास करते रहे हैं। घर में भी उन्हें प्यार से आशु और भय्यु कहकर बुलाया जाता है। आशुतोष इस समय आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स टीम का हिस्सा हैं। वह लगातार तीसरे सीजन में इस टीम के साथ जुड़े हैं।
रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन से मिली पहचान
एक अप्रैल को लखनऊ में दिल्ली और लखनऊ के बीच होने वाले मैच में उनके खेलने की संभावना है। आशुतोष ने 2023 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर सुर्खियां बटोरी थीं। उन्होंने सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक बनाकर नया रिकॉर्ड कायम किया था। इस दौरान उन्होंने युवराज सिंह के 12 गेंदों में फिफ्टी के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया था।
जून में होगा एमपीएल टूर्नामेंट
इंदौर में आयोजित MPL नीलामी में कुल 244 खिलाड़ियों के लिए बोली लगाई जा रही है। हर फ्रेंचाइजी को 50 लाख रुपए का बजट दिया गया है, जिसमें उन्हें टीम तैयार करनी है। आशुतोष के बाद अक्षत रघुवंशी और अनिकेत वर्मा को भी ऊंची बोली मिली है। एमपीएल-2026 का आयोजन जून महीने में इंदौर और ग्वालियर में किया जाएगा। इस लीग के जरिए प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।








