भोपाल। स्थानीय में रसोई गैस को लेकर बना घबराहट का माहौल अब धीरे-धीरे खत्म हो रहा है। पिछले कुछ दिनों में जहां हर दिन 14 हजार से अधिक सिलेंडर बुक हो रहे थे, वहीं अब यह संख्या घटकर करीब 11 हजार रह गई है। अधिकारियों का कहना है कि अफवाहों के चलते लोगों ने जरूरत से ज्यादा सिलेंडर जमा कर लिए थे, जिससे अचानक मांग बढ़ गई थी। अब स्थिति सामान्य होने लगी है और कई गैस एजेंसियों पर बुकिंग भी कम हो गई है।
कुछ एजेंसियों पर ही ज्यादा दबाव
खाद्य विभाग के मुताबिक, शहर की कुछ बड़ी गैस एजेंसियों पर ही अधिक बुकिंग आ रही है, जबकि बाकी जगहों पर मांग सामान्य से भी कम हो गई है। पेंडिंग बुकिंग का आंकड़ा घटकर 35 हजार से नीचे आ गया है। दो दिन पहले तक बुकिंग 28 से 30 हजार तक पहुंच गई थी, जबकि सप्लाई सीमित रही। इसके कारण लंबित ऑर्डर बढ़कर 40 हजार के आसपास हो गए थे। अब सप्लाई और डिमांड में संतुलन बन रहा है।
बैरागढ़ में छापा, सिलेंडर जब्त
इसी बीच खाद्य विभाग ने बैरागढ़ क्षेत्र में छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान एक स्थान पर घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण पाया गया, जहां करीब 50 सिलेंडर बरामद किए गए। अधिकारियों ने मौके पर ही इन्हें जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। नापतौल विभाग की जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई। कई सिलेंडरों में निर्धारित 14.2 किलोग्राम गैस की जगह 2 से 3 किलो तक कम गैस पाई गई। इससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान हो रहा था।
अवैध रिफिलिंग-भंडारण पर कार्रवाई
जांच के दौरान कई सिलेंडरों की सील और कैप भी गायब मिली, जिससे अनियमितताओं की पुष्टि हुई। खाद्य विभाग और नापतौल विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध रिफिलिंग और स्टॉकिंग के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए बड़ी मात्रा में सिलेंडर और एक लोडिंग वाहन जब्त किया। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
सप्लाई पर्याप्त, घबराने की जरूरत नहीं
अधिकारियों ने साफ किया है कि भोपाल में गैस की कोई कमी नहीं है। एजेंसियों के पास 5 से 6 दिन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई भी लगातार जारी है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही सिलेंडर बुक करें। स्थितियां पूरी तरह से अनुकूल हैं, इस लिए लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।








