मध्यप्रदेश। मध्यप्रदेश में कंबाइन हार्वेस्टर (Combine harvesters) पर टोल टैक्स (Toll tax) नहीं लगेगा। राज्य सरकार ने फैसला लिया है कि, एमपी सड़क विकास निगम के टोल पर कंबाइन हार्वेस्टर से टोल टैक्स नहीं वसूला जाएगा। बुधवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में सीएम डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। इसी बैठक में यह निर्णय लिया गया है।
किसानों को होगा फायदा
कंबाइन हार्वेस्टर का उपयोग फसल की कटाई में किया जाता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैठक में कहा कि, कंबाइन हार्वेस्टर एक आवश्यक कृषि उपकरण है। अगर टोल टैक्स में छूट दी जाती है तो हार्वेस्टर की परिवहन लागत में भारी कमी आएगी। इसका सीधा फायदा किसानों को होगा।
भोपाल बायपास के परिवर्तित एलाइनमेंट को स्वीकृति
इंदौर-उज्जैन और उज्जैन-जावरा ग्रीन फील्ड मार्गों के निर्माण को नॉन एक्सेस कंट्रोल परियोजना के रूप में मंजूरी दी गई है। साथ ही पश्चिम भोपाल बायपास के बदले हुए एलाइनमेंट को भी सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है।
रोड इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी पर चर्चा
समत्व भवन में हुई बैठक में मंत्री राकेश सिंह भी मौजूद थे। उन्होंने एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि, मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में आयोजित मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के संचालक मंडल की 48वीं बैठक में सम्मिलित हुआ। बैठक में मध्य प्रदेश में रोड इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करने तथा बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने हेतु अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।










