Delhi Police ka Operation Kavach: दिल्ली पुलिस ने 'ऑपरेशन कवच 13.0' के तहत 48 घंटे का बड़ा ऑपरेशन चलाया है। इस ऑपरेशन के तहत पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जोरदार कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस ऑपरेशन को पुलिस ने 29 मार्च शाम 6 बजे से शुरू करते हुए 31 मार्च शाम 6 बजे तक चलाया था।
ऑपेरशन के तहत पुलिस ने जिले भर में छापेमारी और सख्त चेकिंग की कार्रवाई की है। इस पूरे अभियान में 110 पुलिस टीम शामिल हुईं हैं और 283 जगहों पर छापेमारी की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 452 लोगों को गिरफ्तार किया, वहीं करीब 1930 लोगों को एहतियात के तौर पर हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा 469 चालान भी काटे गए हैं।
ड्रग्स तस्करी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई
ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने ड्रग्स तस्करों पर कड़ी निगरानी की है। जिसमें NDPS एक्ट के तहत 37 केस दर्ज किए गए हैं, और 59 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से करीब 14.6 किलो गांजा, हेरोइन और स्मैक बरामद हुई है। इसके अलावा अवैध शराब के खिलाफ भी कड़े कदम उठाए गए हैं, वहीं 13 केस दर्ज करके 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इसके अलावा 996 क्वार्टर अवैध शराब भी जब्त कर ली गई है। आर्म्स एक्ट के तहत 12 केस दर्ज हुए, जिनमें 2 पिस्टल, 10 चाकू और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। जुए के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए 23 केस दर्ज किए गए और 41 लोगों को गिरफ्तार किया गया, इनके पास से 34210 नकद पैसे बरामद हुए हैं।
ऑटो लिफ्टर गैंग अपराधी पकड़े
ऑटो लिफ्टर गैंग के 4 आरोपियों को गिरफ्तार करके चोरी के 5 गाड़ियों को जब्त किया गया है। इसके अलावा 4 घोषित अपराधियों को भी पकड़ा गया। इस ऑपेरशन में पुलिस ने हर जगह सख्त निगरानी रखी। पेट्रोलिंग और टेक्निकल सर्विलांस की सहायता से संदिग्ध लोगों और इलाकों पर कड़ी नजर रखी गई है। इसके साथ ही करीब 178 वाहनों को जब्त किया गया और 1980 लोगों को कानून के तहत डिटेन भी किया गया। 469 लोगों के COTPA (धूम्रपान कानून) के तहत चालान भी किए गए हैं।









