haribhoomi hindi news
सूरजपुर के छह दशक पुराने हनुमान मंदिर नवनिर्माण के शिखर कलश पूजन समारोह का हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। 

नौशाद अहमद- सूरजपुर। नगर के रंगमंच स्थित लगभग 60 वर्ष पुराने हनुमान मंदिर के पुर्ननिर्माण संकल्प दो वर्ष में पूूर्ण हो गया है। मंदिर के शिखर कलश पूजन समारोह का भव्य धार्मिक अनुष्ठान बुधवार को श्रीराम मंदिर से भव्य कलश यात्रा और शिखर कलश यात्रा के साथ प्रारंभ हुआ। धार्मिकमय हुए वातावरण में बजरंग बली के जयघोष के साथ निकली कलश यात्रा में बड़ी संख्या में नगरवासियों ने शिरकत की और महिलाओं ने उत्साहपूर्ण वातावरण में कलश लेकर नवनिर्मित श्री हनुमान मंदिर परिसर पहुॅच कलश अर्पण किया। 

इसके उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शिखर कलश स्थापना का धार्मिक अनुष्ठान पूज्य आचार्य रामसुवन त्रिपाठी व पप्पु महाराज के पावन सानिध्य सहित ब्राम्हण देवताओं के मंत्रोच्चार के आव्हान, भजन कीर्तन व पूजा अर्चना के साथ गठजोड़े में बैठे मंदिर समिति के सदस्यों ने पूजा अर्चना की और रखी गई आधारशीला के उपरांत आज निर्माण कार्य पूर्ण होने पर देवी-देवताओं का आव्हान करते हुए मंदिर नगरवासियों को समर्पित किया। उत्साहपूर्ण वातावरण में भव्य व दिव्य धार्मिक अनुष्ठान के साथ पूर्ण हुए मंदिर को श्री हनुमान जन्मोत्सव के एक दिन पूर्व समारोहपूर्वक शिखर कलश पूजन किया गया। 

Kalash Yatra started from Ram Temple
राम मंदिर से निकली कलश यात्रा 

गुरुवार को होगा हनुमान जन्मोत्सव का आयोेजन
आज 2 अप्रेल को सुबह पूजा-अर्चना, हवन, आरती के उपरांत दोपहर में बजरंग बली का विशाल भंडारा-प्रसाद आयोजित है। उसके उपरांत बजरंग दल की अगुवाई में भव्य व दिव्य झांकी के साथ शोभायात्रा नगर भ्रमण करेगी। शाम को सुंदरकांड पाठ के साथ श्री हनुमान चालिसा पाठ का सामुहिक धार्मिक आयोजन होगा। रात्रि में श्री नवयुवक दुर्गा मंडल व बाहर के भक्तिरस कलाकारों के द्वारा भजनों की अमृत वर्षा की जाएगी। इस दौरान रात्रि में स्वल्पाहार का भी आयोजन किया गया है।

दो वर्ष पूर्व रखी थी आधारशीला
मंदिर निर्माण के लिए 6 दिसम्बर 2024 को विधि-विधान से पूजा-पाठ कर मंदिर नवनिर्माण की आधारशीला रखी गई थी। दो वर्ष की अवधि में निर्माण समिति के अजय अग्रवाल व राजेश तायल, अंकुर गर्ग की देखरेख में लगभग 50 लाख रूपये की लागत से हनुमान जी के मंदिर को भव्य व आकर्षक स्वरूप दिया गया हैै। छह दशक पुराने रंगमंच हनुमान मंदिर के जीर्णाेधार व नवनिर्माण का संकल्प अब नयनाभिराम स्वरूप में आ गया है। मंदिर परिसर और निर्माण कला को देखने के लिए सूरजपुर सहित अन्य स्थानों से भी श्रद्धाल रंगमंच हनुमान मंदिर पहुँच रहे हैं। वही भक्तों व धर्म प्रेमियों के द्वारा मुक्तहस्त से मिले सहयोग से मंदिर निर्माण कार्य अब पूर्ण हुआ है, जिसके लिए निर्माण सेवा समिति ने प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया है।

ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित 
इस दौरान मंदिर निर्माण समिति व मारूति सेवा समिति के सदस्यों में अजय अग्रवाल, आशा अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, सोमिल अग्रवाल, अंकुर गर्ग, स्वाति गर्ग, राहुल अग्रवाल, श्रेया अग्रवाल, अमित तायल, रानी तायल सपत्नीक व कान्हा जिंदिया तथा उर्मिला देवी अग्रवाल अंबिकापुर जजमान के रूप में धार्मिक अनुष्ठान को पूर्ण किया। श्रीराम मंदिर से निकली विशाल शोभयात्रा मुख्य मार्ग होते हुए अग्रसेन चौक में पूजा अर्चना के उपरांत केतका रोड होते हुए श्री हनुमान मंदिर पहुॅची, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। उक्त धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में मंदिर समिति से जुड़े सदस्य सक्रिय रहे।

7