Raisen News: मध्यप्रदेश। रायसेन में बुधवार दोपहर किसानों का बड़ा नुकसान हो गया। बताया जा रहा है कि, करीब 50 एकड़ में लगी गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। खेतों में आग इतनी तेज लगी कि, देखते ही देखते खड़ी फसल राख हो गई। किसानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर ट्रैक्टर और पेड़ों की टहनियों से आग पर काबू पाने की कोशिश की। मौके पर पुलिस - प्रशासन और दमकल की गाड़ियां भी पहुंची।
बिजली कम्पनी की लापरवाही
किसानों ने खेतों में धुआं उठते देख, आग लगने की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस -प्रशासन मौके पर पहुंचा। दमकल की गाड़ी ने आग बुझाने का प्रयास भी किया लेकिन आग बुझने से पहले ही फायर ब्रिगेड का पानी खत्म हो गया। आग कैसे लगी अभी इस बात की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। शुरुआती तौर पर कहा जा रहा है कि, शार्ट सर्किट के कारण आग लगी। इधर किसानों ने बिजली कम्पनी की लापरवाही को आग लगने का कारण बताया है।
10 से अधिक किसानों को हुआ नुकसान
आग लगाने के चलते 10 से अधिक किसानों का नुकसान हुआ है। इनके खेत में खड़ी गेहूं की फसल तबाह हो गई। कुछ ही समय में गेहूं की कटाई होनी थी। इसके पहले ही आग लग गई और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो गया। प्रशासन द्वारा नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
नर्मदापुरम में भी लगी थी खेत में आग
बता दें कि, इसके पहले नर्मदापुरम में खेतों में आग लगी थी। 22 मार्च को खेतों में लगी भीषण आग के चलते 8 एकड़ में लगी फसल का नुकसान हुआ था। खेतों में गेहूं की फसल कटने को तैयार थी तभी आग लग गई थी। फायर ब्रिगेड की टीम और पुलिस - प्रशासन की टीम ने आग पर काबू पा लिया था। हालांकि किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ था।









