MP Crime: मंदसौर जिले से पत्नी द्वारा पति हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि, पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। दोनों ने पहले पति की हत्या की फिर सब्बल और तलवार से शव के टुकड़े कर दिए। किसी को इस हत्याकांड के बारे में न पता चले इसके लिए दोनों ने शव को जलाने की कोशिश की। जब शव जला नहीं तो जेसीबी से शव के अवशेष को गड्ढे में छिपा दिया। इस हत्याकांड के खुलासे के बाद लोग आक्रोशित हैं और दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त एक्शन की मांग कर रहे हैं।
मामला मंदसौर जिले के गरोठा थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान 39 वर्षीय धनराज नाथ के रूप में हुई है। वह दुधाखेड़ी का रहने वाला है। धनराज की पत्नी का नाम धापू बाई है। उसके प्रेमी की पहचान पंकज चौधरी के रूप में हुई है। धापू बाई और उसके प्रेमी पंकज चौधरी ने मिलकर धनराज नाथ की हत्या की साजिश रची।
धनराज को पता थी अफेयर की बात
जानकारी के अनुसार धापू बाई और उसके प्रेमी पंकज चौधरी के अफेयर की बात धनराज को पता चल गई थी। दोनों के बीच काफी विवाद होता था। रोज-रोज के झगड़े से तंग आकर पंकज और धापू ने मिलकर धनराज को मार डाला। इसके बाद हत्याकांड को छिपाने के लिए तरह-तरह की साजिशें की लेकिन उनका पूरा खेल अब लोगों के सामने आ गया है।
शव के अवशेष गड्ढे में छिपाए
धनराज की हत्या 10 अप्रैल को की गई थी। शनिवार को शव के टुकड़े ठिकाने लगाने के लिए पंकज ने बहाने से जेसीबी मंगाई थी। दोनों ने शव को जलाया और बचे हुए टुकड़ों को बड़ी की चालाकी से गड्ढे में डालकर ऊपर मिट्टी डाल दी।
बेटे ने दर्ज करवाई गुमशुदगी की रिपोर्ट
धनराज के अचानक गायब होने पर उसके बेटे ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। उसे पंकज और धापू पर शक था। उसने बताया कि, पापा पंकज की गाड़ी से रत 8 बजे के करीब निकले थे लेकिन वापस नहीं आए। सुबह पिता जी से बात हुई। अगले दिन कोई खबर नहीं मिली।
बुलडोजर एक्शन की मांग
पुलिस ने रविवार रात लोगों से सख्ती से पूछताछ की तो गुमशुदगी का मामला हत्या में बदल गया। स्थानीय लोग पंकज के खिलाफ बुलडोजर एक्शन की मांग कर रहे हैं। फ़िलहाल पुलिस ने धापू और पंकज को गिरफ्तार कर लिया है। शव के टुकड़े बरामद किए गए हैं और तलवार और सब्बल भी जब्त की गई है।
पुलिस का कहना है कि, शव के अवशेष पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। अगर मामले में अन्य लोग भी शामिल होंगे तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।










