Logo
महू में रेप केस के आरोपी डॉक्टर के घर जलाने पर FIR के विरोध में ग्रामीणों ने किशनगंज ओवरब्रिज जाम किया, पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप।

Mhow Rape Case: मध्यप्रदेश। सोमवार को महू में इंदौर रोड के किशनगंज ओवरब्रिज पर लोगों ने जाम लगा दिया। रेप के आरोपी डॉ. सईद खान का घर जलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। इसी के विरोध में लोग सड़क पर प्रदर्शन करने उतरे। ग्रामीणों की भारी भीड़ देखते हुए पुलिस बल भी मौके पर तैनात किया गया।

बताया जा रहा है कि, मामला बड़गोंदा थाना क्षेत्र के रेप केस से संबंधित है। हिन्दू युवती से रेप का आरोप डॉ. सईद खान पर है। लोगों ने बीते दिनों डॉक्टर का आम्बाचंदन इलाके में स्थित घर जला दिया था। इसके बाद पुलिस ने घर जलाने वालों पर एफआईआर दर्ज की। पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में 6 लोगों के नाम हैं और तीन लोग पुलिस की गिरफ्त में हैं।

किशनगंज ओवरब्रिज पर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि, पुलिस ने एकपक्षीय कार्रवाई की है। बिना जांच के केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तार लोगों को तुरंत रिहा किया जाना चाहिए।

क्या है मामला
दरअसल, रविवार को बड़गोंदा थाना क्षेत्र में एक हिन्दू युवती को ब्लैकमेल कर रेप करने का मामला सामने आया था। आरोप है कि, डॉ. सईद खान ने पीड़िता को नशे का इंजेक्शन देकर उसके साथ रेप किया। दुष्कर्म के बाद आरोपी ने पीड़िता की तस्वीरें लीं और फिर ब्लैमेल करने लगा।

रविवार को आरोपी डॉ. खान ने पीड़िता को रिसोर्ट में बुलाया था। इसकी जानकारी हिन्दू संगठन को लगी तो वे भी रिसोर्ट पहुंच गए। रिसोर्ट के एक कमरे में डॉक्टर युवती से साथ पकड़ा गया। इसके बाद लोगों ने डॉक्टर के साथ जमकर मारपीट की और थाने में जाकर आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।

पीड़िता ने पुलिस के सामने डॉक्टर पर रेप का आरोप लगाया है। उसने कहा है कि, बीते चार महीने से आरोपी डॉक्टर उसे ब्लैकमेल कर रहा था। फोटो वायरल होने के डर से उसने इस बात की कहीं शिकायत नहीं की।

7