मध्य प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। योजना की 34वीं किस्त जल्द ही जारी होने वाली है।

Ladli Behna Yojana: मध्य प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। योजना की 34वीं किस्त जल्द ही जारी होने वाली है। इस बार प्रदेश की करीब 1.28 करोड़ महिलाओं के खातों में 1500-1500 रुपए की राशि ट्रांसफर की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सिंगल क्लिक के माध्यम से यह राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेजेंगे।

1.28 करोड़ महिलाओं को मिलेगा लाभ
वर्तमान में प्रदेश की करीब 1.28 करोड़ महिलाएं इस योजना का लाभ उठा रही हैं। इन सभी लाभार्थियों के खातों में हर महीने 1500 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार मार्च महीने में आने वाली इस किस्त के तहत लगभग 1920 करोड़ रुपए की राशि महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की जाएगी। यह राशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से सीधे बैंक खातों में भेजी जाएगी।

इस दिन आएगी 34वीं किस्त
ताजा जानकारी के मुताबिक 13 मार्च 2026 को लाड़ली बहना योजना की 34वीं किस्त जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ग्वालियर जिले के घाटीगांव में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से सिंगल क्लिक के जरिए यह राशि ट्रांसफर करेंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें शामिल होंगी और मुख्यमंत्री उनसे संवाद भी करेंगे।

कार्यक्रम में होंगे विकास कार्यों के लोकार्पण
ग्वालियर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री घाटीगांव में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां से वे न केवल योजना की किस्त जारी करेंगे, बल्कि भितरवार विधानसभा क्षेत्र में कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे।

योजना से महिलाओं को मिला सहारा
राज्य सरकार का दावा है कि लाड़ली बहना योजना से प्रदेश की करोड़ों महिलाओं को आर्थिक सहारा मिला है। महिलाएं अब पहले से ज्यादा आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने में योगदान दे रही हैं।

शुरुआत में इस योजना के तहत महिलाओं को 1000 रुपए दिए जाते थे। बाद में इसे बढ़ाकर 1250 रुपए किया गया और अब राशि बढ़ाकर 1500 रुपए प्रति माह कर दी गई है।

इन महिलाओं को नहीं मिलेगी मार्च की किस्त
सरकार की पात्रता शर्तों के अनुसार जिन महिलाओं की उम्र 60 वर्ष से अधिक हो चुकी है, उनके नाम योजना की पात्रता सूची से हट सकते हैं। ऐसी स्थिति में उन्हें मार्च की किस्त का लाभ नहीं मिलेगा। योजना के सॉफ्टवेयर में यह व्यवस्था है कि पात्रता की शर्त पूरी न करने वाली महिलाओं के नाम स्वतः ही सूची से अपडेट होकर हट जाते हैं।

महिलाओं से संवाद भी करेंगे सीएम
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री लाड़ली बहनों से बातचीत भी करेंगे और यह जानने की कोशिश करेंगे कि योजना के तहत मिलने वाली राशि का वे किस तरह उपयोग कर रही हैं और इससे उनके जीवन में क्या बदलाव आया है।