Khandwa Major accident: मध्यप्रदेश के खंडवा में गुरुवार (3 अप्रैल) को बड़ी घटना हो गई। कुएं में सफाई करने उतरे ग्रामीण मौत का शिकार हो गए। एक-दूसरे को बचाने कूदे आठ लोगों का जहरीली गैस से दम घुट गया। सूचना पर प्रशासन-पुलिस की टीम पहुंची। 3 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी के शव कुएं से बाहर निकाले गए। शुक्रवार (4 अप्रैल) को सभी का अंतिम संस्कार किया गया। प्रशासन ने मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है। 

जानिए कैसे हुई घटना
छैगांवमाखन क्षेत्र के कोंडावत गांव में गणगौर पर्व का उत्साह था। 150 साल पुराने कुएं में जवारे विसर्जन करने की तैयारी थी। विसर्जन से पहले अर्जुन नाम का शख्स कुएं की सफाई करने उतरा। कुएं के अंदर जाते ही अर्जुन जहरीली गैस से बेसुध होकर दलदल में डूब गया। काफी देर तक अर्जुन की आवाज नहीं आई। अर्जुन को बचाने के लिए एक के बाद एक 7 और लोग कुएं में उतरे। सभी का कुएं के अंदर जहरीली गैस ने दम घोंट दिया। दलदल में डूबने से सभी आठ लोगों की मौत हो गई। 

कुएं में इनका घुटा दम 
ग्रामीणों सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची।  रेस्क्यू टीम रस्सी और जाली लेकर कुएं में उतरी। तीन घंटे की मशक्कत के बाद राकेश (21), वासुदेव (40), अर्जुन (35), गजानंद (35), मोहन (48), अजय (25), शरण (40) और अनिल (28) के शव बाहर निकाले। सभी 8 शवों को पोस्टमार्टम के लिए छैगांवमाखन के अस्पताल ले जाया गया है। शुक्रवार को शवों का अंतिम संस्कार किया जाएगा।  

CM मोहन यादव ने जताया दुख
CM मोहन यादव ने 'X' पर लिखा- कुएं में जहरीली गैस से दम घुटने के कारण आठ व्यक्तियों के काल कवलित होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। दुख की घड़ी में सभी शोकाकुल परिजनों के साथ मेरी गहरी शोक संवेदनाएं हैं। सभी मृतकों के परिवारजनों को ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना है कि सभी पुण्यात्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।