Jabalpur News: मध्यप्रदेश। जबलपुर के सिहोरा में शनिवार सुबह एक व्यक्ति की जिन्दा जलकर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, व्यक्ति टाटा सूमो के अंदर सो रहा था। मॉस्किटो कोइल से गाड़ी में आग लगी और देखते ही देखते पूरी गाड़ी जल गई। गाड़ी से लगी आग पास की एक दुकान में भी लग गई।
कचरे ने आग पकड़ ली
बताया जा रहा है कि, व्यक्ति ने गाड़ी के अंदर मॉस्किटो कोइल जलाई लेकिन गाड़ी के अंदर पड़े कचरे ने आग पकड़ ली। इसके बाद व्यक्ति गाड़ी से बाहर नहीं निकल पाया। पुलिस को मामले की सूचना दी गई है। मामले में जांच जारी है।
परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं
यह घटना सिहोरा के वार्ड-3 की बताई जा रही है। मृतक के परिजनों के बारे में कोई जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। लोगों का कहना है कि, वह लम्बे समय से इसी टाटा सूमो में रह रहा था। यही नहीं मृतक गाड़ी के पास ही खाना भी बनाता था।
मानसिक स्थिति नहीं थी ठीक
स्थानीय लोगों का कहना है कि, मृतक व्यक्ति आसपास के कचरे को इकठ्ठा करके अपनी गाड़ी में रखता था। उसकी मानसिक स्थिति भी कुछ ठीक नहीं थी। इस तरह प्रारंभिक रूप से यह कहा जा रहा है कि, मच्छर भगाने के लिए उसने कोइल जलाई और आग कचरे में लग गई। दम घुटने और जलने से उसकी मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
लोगों ने जब गाड़ी को जलता देखा तो पुलिस और फायर ब्रिगेड को कॉल किया। लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन तब तक गाड़ी जलकर खाक हो चुकी थी। पुलिस ने मृतक के जले हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसकी पहचान नहीं हो पाई है।










