जबलपुर के सिहोरा में आरती और अजान को लेकर विवाद के बाद पथराव हुआ। पुलिस ने 20 लोगों को गिरफ्तार कर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है।

मध्यप्रदेश। जबलपुर के सिहोरा के आजाद चौक स्थित दुर्गा मंदिर के पास गुरुवार देर रात हालात तनावपूर्ण हो गए। यहां आरती और अजान एक साथ किए जाने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने इस मामले में 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस की एक टीम भी तैनात की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

बताया जा रहा है कि, मंदिर में आरती और मस्जिद में नमाज एक साथ हो रही थी। इसे लेकर दो पक्षों में पहले बहस हुई फिर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कुछ ही देर में पथराव भी शुरू हो गया। जैसे ही पुलिस को सूचना मिली एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई थी। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए विवाद में शामिल 20 लोगों को गिरफ्तार किया है।

कलेक्टर समेत एसपी भी मौके पर पहुंचे
जैसे ही दो पक्षों के बीच पथराव की सूचना पुलिस को मिली तो मौके पर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह समेत एसपी संपत उपाध्याय पहुंचे। एक दर्जन से अधिक थानों का पुलिस बल यहां बुलाया गया था। 

यह भी पढ़ें: 12वीं का टॉपर बना कातिल : बैतूल में मामूली विवाद में युवक ने मां-बाप और भाई को उतारा मौत के घाट

यह भी पढ़ें: नगर निगम का बड़ा एक्शन प्लान : राजस्व संग्रह को लेकर अब की जाएगी सख्ती, शिकायतें लंबित होने पर कटेगा अफसरों का वेतन

यह भी पढ़ें: बदलेगा पाठ्यपुस्तक निगम का नाम : और व्यापक होगी भूमिका, स्कूलों की खरीद पर होगा शिक्षा विभाग का सीधा नियंत्रण

यह भी पढ़ें: आधी रात बदला मौसम का मिजाज : भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा के साथ बरसा पानी, ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान

यह भी पढ़ें: मध्यप्रदेश की लापता लाड़लियां: सरकार ने बताया 50,170 गुमशुदा महिलाओं और बालिकाओं का कोई सुराग नहीं

जबरदस्ती मंदिर में घुसने का आरोप
मंदिर समिति के सदस्यों का कहना है कि, मंदिर में हर रोज की तरह आरती हो रही थी तभी मस्जिद से 50 से 70 लोगों की भीड़ आई और मंदिर के सामने खड़े होकर गालीगलौज करने लगे। जब उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो उन लोगों ने हमला कर दिया। भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने तो मंदिर के अंदर घुसने का भी प्रयास किया।

20 से 25 मिनट तक हुआ पथराव
लोगों का कहना है कि, विवाद के बाद जब वे घर जा रहे थे तभी मस्जिद के ऊपर से पथराव शुरू हो गया। करीब 20 से 25 मिनट तक पथराव चला। इस पथराव के चलते मंदिर का शीशा टूटा और कुछ लोग घायल भी हो गए। पुलिस इलाके के सीसीटीवी कैमरा से संदिग्ध लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।  

CrPc की धारा 144 नहीं लगी
आजाद चौक पर हाल ही में हुई पत्थरबाजी की घटना पर, जबलपुर के SP संपत उपाध्याय ने कहा, "अब तक करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया गया है। हम घटना का CCTV फुटेज इकट्ठा कर रहे हैं। यहां हालात शांतिपूर्ण और नॉर्मल हैं। जांच चल रही है। अभी यहां CrPc की धारा 144 नहीं लगी है।"