Satna News: मध्यप्रदेश। जबलपुर-रीवा एक्सप्रेस के एक कोच में शुक्रवार को अचानक धुआं उठने लगा। ट्रेन ऊंचेहरा स्टेशन के करीब थी जब कोच से धुआं उठता नजर आया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। मामले की सूचना तुरंत रेल कर्मचारियों को दी गई जिसके बाद एक टीम मौके पर पहुंची।
बताया जा रहा है कि, ऊंचेहरा स्टेशन पर जबलपुर-रीवा एक्सप्रेस करीब आधा घंटे खड़ी रही। कोच में मौजूद सभी यात्रियों को तुरंत स्टेशन पर उतारा गया। रेल अधिकारी और टेक्निकल टीम ने कोच का जायजा भी लिया। लोगों से शांति बनाए रखने की अपील के बाद जांच शुरू की गई।
इस वजह से उठा था धुआं
टेक्निकल टीम द्वारा जांच किए जाने पर यह सामने आया कि, कोच क्रमांक 114674 के पहिए में ब्रेक बाइंडिंग के कारण धुआं उठा था। पूरे कोच की जांच की गई लेकिन टेक्निकल टीम का कहना था कि, घबराने वाली कोई बात नहीं है।
मामले की विस्तृत जांच की जाएगी
गनीमत रही कि, किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ। टेक्निकल टीम द्वारा जांच के बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि, मामले की विस्तृत जांच की जाएगी लेकिन फिलहाल घबराने वाली कोई बात नहीं है। सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें 36 मिनट स्टेशन पर रोकने के बाद ट्रेन को आगे रवाना कर दिया गया।










