जबलपुर में नाबालिग बेटे ने गुस्से में पिता की चाकू मारकर हत्या कर दी। बरेला इलाके की घटना, पुलिस ने आरोपी को बाल सुधार गृह भेजा।

जबलपुर।  बरेला क्षेत्र में एक नाबालिग बेटे ने अपने ही पिता की चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया जाता है कि सोमवार रात घर के बाहर जाने को लेकर पिता ने बेटे को टोका था, जिसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में बेटे ने पिता के सीने में चाकू घोंप दिया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पड़ोसियों का कहना है कि उनके बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। 

नाबालिग को हिरासत में लिया
घटना के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया। मंगलवार को उसे बाल न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे सिवनी स्थित बाल सुधार गृह भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक रमेश कोल मजदूरी करता था और कुछ समय पहले ही उसने दूसरी शादी की थी। पड़ोसियों के अनुसार, पिता और बेटे के बीच अक्सर झगड़े होते थे।

दोनों में अक्सर होते रहते थे झगड़े
पुलिस ने बताया कि आसपड़ोस के लोगों ने बताया कि दोनों के बीच अक्सर बहस और विवाद की स्थिति बन जाती थी, जिससे घर का माहौल तनावपूर्ण रहता था। सोमवार रात रमेश काम से लौटने के बाद बाहर गया और देर रात घर आया। उस समय उसका बेटा बाहर जाने की कोशिश कर रहा था। पिता ने उसे रोका और साथ खाना खाने को कहा, लेकिन बात बढ़ते-बढ़ते विवाद में बदल गई। इसी दौरान गुस्से में आकर बेटे ने हमला कर दिया।

बेटा बोला-शराब पीकर आते थे घर
घटना के बाद परिवार के लोग घायल रमेश को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। वाहन उपलब्ध न होने के कारण उन्हें बाइक से जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन ज्यादा खून बह जाने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।  पुलिस पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि उसके पिता शराब पीकर घर आते थे और अक्सर गाली-गलौज करते थे। इसी कारण वह मानसिक रूप से परेशान था और गुस्से में यह कदम उठा लिया।