जबलपुर में 8-10 बदमाशों ने नाबालिग ऋषभ राजपूत की चाकुओं से हत्या कर दी। पुलिस CCTV के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Jabalpur News: मध्यप्रदेश। जबलपुर में देर रात एक नाबालिग की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मामला गढ़ा थाना क्षेत्र का है। पांच बाइक्स पर आए 8 से 10 बदमाशों ने हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने नाबालिग लड़के पर चाकू से कई वार किए गए। इसके चलते उसकी मौत हो गई। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

सभी बदमाश मौके से फरार
मृतक की पहचान ऋषभ राजपूत के रूप में हुई है। लोगों ने बताया कि, ऋषभ बाइक से मेडिकल स्टोर जा रहा था। तभी मदनमहल क्षेत्र में शुभम अस्पताल के पास पांच बाइक्स पर कुछ बदमाश आए और नाबालिग पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिए। हत्या के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। 

पुलिस जांच में जुटी
हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। आसपास के सीसीटीवी कैमरा की जांच की जा रही है। लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। अब तक आरोपियों की पहचान नहीं हुई है और न ही उनकी गिरफ्तारी की कोई जानकारी सामने आई है।

सीने और पेट पर किये कई वार
बताया जा रहा है कि, हमले के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए लेकिन ऋषभ तड़पता रहा। उसके सीने और पेट में चाकू से कई वर किए गए थे। इसके कारण उसका बहुत अधिक खून बह गया था। लोगों ने उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती किया लेकिन उसकी हालत गंभीर थी इसलिए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान ऋषभ की मौत हो गई। 

एक युवक घायल अवस्था में थाने पहुंचा
जानकारी के अनुसार घटना के कुछ देर बाद एक युवक घायल अवस्था में थाने पहुंचा। वह मृतक का दोस्त है या आरोपियों में शामिल है अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है। इलाज के लिए उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है।