इंदौर। स्थानीय बाणगंगा थाना क्षेत्र में रेलवे पटरी के पास 42 वर्षीय फोजराम नारंग की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। गुरुवार सुबह जब राहगीरों ने एमआर-4 मार्ग के पास पटरी किनारे खून से सनी लाश देखी, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बताया प्रारंभिक स्थिति को देखते हुए यह दुर्घटना नहीं, बल्कि योजनाबद्ध हत्या का मामला लगता है। उसके गले पर तेज धारदार हथियार से गहरा वार किया गया है, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। मृतक फोजराम नारंग मूल रूप से छत्तीसगढ़ के रावती क्षेत्र का रहने वाला बताया जाता है। पुलिस ने उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसीपी रूबीना मेजबानी ने बताया कि मृतक फोजराम नारंग करीब एक वर्ष पहले रोजगार की तलाश में इंदौर आया था। वह यहां फोटो बाइंडिंग का काम करता था और भागीरथपुरा रेलवे क्रॉसिंग के पास किराए के कमरे में रहता था। जांच में सामने आया है कि उसके साथ उसी कमरे में 10 से 12 अन्य लोग भी रह रहे थे, जो सभी छत्तीसगढ़ से जुड़े बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने कमरे में रहने वाले सभी व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ से मिली जानकारी के अनुसार, वारदात की रात पहले सभी ने साथ बैठकर शराब पी थी। आशंका है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ होगा, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया। हालांकि, पुलिस की जांच में अब तक हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी रंजिश, पैसों के लेन-देन या शराब के नशे में हुए झगड़े जैसे सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है।
घटनास्थल से खून, संघर्ष के संकेत और अन्य महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं, ताकि हत्या की परिस्थितियों को बेहतर ढंग से समझा जा सके। एसीपी रूबीना मेजबानी ने बताया कि इस मामले को गंभीरता से लिया है। सभी संदिग्धों से सख्ती के साथ पूछताछ की जा रही है। उन्होंने दावा किया पुलिस जल्द इस मामले को सुलझा लेगी। उन्होंने कहा फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
(एपी सिंह की रिपोर्ट)











