haribhoomi hindi news
ग्वालियर के थाटीपुर क्षेत्र में 95 वर्षीय बुजुर्ग ने लाइसेंसी राइफल से आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में पारिवारिक कलह और बड़ी बहू पर परेशान करने के आरोप लगाए गए हैं।

मध्यप्रदेश के ग्वालियर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 95 साल के बुजुर्ग ने लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मार ली। बुजुर्ग ने आत्महत्या की वजह अपनी बड़ी बहु को बताया है। सुसाइड नोट में बुजुर्ग ने बताया कि, उसकी छोटी बहु उसका ख्याल रखती है लेकिन बड़ी बहु बहुत परेशान करती है। उन्होंने यह भी लिखा कि, बहुत सहा...अब झिल नहीं रही, इसलिए यह कदम उठा रहा हूं।

पेट के आरपार चली गई गोली
मामला थाना थाटीपुर की नेहरू कॉलोनी का है। देर रात बुजुर्ग ने खुद को गोली मार ली जो उनके पेट के आरपार चली गई। जब गोली चलने की आवाज आई तो परिजन कमरे में आए लेकिन तब तक 95 वर्षीय बुजुर्ग दम तोड़ चुके थे।

पारिवारिक क्लेश बना वजह
पुलिस को मामले की सूचना दी गई तो टीम देर रात मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान रामाधार के रूप में हुई है वे डेयरी के संचालक थे। सुसाइड नोट के आधार पर आत्महत्या की वजह पारिवारिक क्लेश को माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में लग गई है।

शव के पास बारह बोर की राइफल थी
बताया जा रहा है कि, शुक्रवार रात जब परिवार के सभी लोग अपने-अपने कमरे में चले गए तो अचानक गोली चलने की आवाज आई। परिजन मौके पर पहुंचे तो रामाधार का शव खून से लथपथ पड़ा था। शव के पास बारह बोर की राइफल थी। 

पुलिस ने शुरू की जांच
कुर्सी पर बैठकर बुजुर्ग ने रायफल अपने पेट में टिकाई थी और ट्रिगर दबा दिया था। जैसे ही गोली पेट के आरपार हुई बुजुर्ग की जान चली गई। पोस्टमार्टम के लिए शव को मोर्चुरी भेज दिया गया है। पुलिस मर्म कायम कर जांच में जुट गई है।

पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग ने अपने हाथ से सुसाइड नोट लिखा था। इसमें कहा गया था कि, मैं रामाधार अपनी परेशानी से तंग आकर यह कदम उठा रहा हूं। मेरी बड़ी बहु सुनीता मुझे बहुत परेशान करती है। अब मुझसे परेशानी झील नहीं रही है। मैं  आत्महत्या सुनीता के कारण कर रहा हूं। मेरी मौत का मामला सुनीता पर जरूर दर्ज करें। मेरी छोटी बहु मेरा ख्याल रखती थी।

7