Logo
दतिया में भाजपा पार्षद कल्लू कुशवाहा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या। पुलिस चौकी के सामने वारदात, पुरानी रंजिश और गैंग वर्चस्व की आशंका।

Datia Kallu Kushwaha Murder: मध्यप्रदेश। दतिया में सेवड़ा चुंगी चौराहे पर वार्ड क्रमांक- 1 के भाजपा पार्षद की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह भाजपा पार्षद कल्लू कुशवाहा मॉर्निंग वॉक पर निकले थे तभी कुछ हमलवारों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। लगातार दो राउंड फायरिंग के बाद भाजपा पार्षद की मौके पर ही मौत हो गई। चौंकाने वाली बात यह है कि, बदमाशों ने दिनदहाड़े पुलिस चौकी के सामने हत्या की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। शुरुआती तौर पर मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है।

सिर और पीठ पर लगी थी गोली
बताया जा रहा है कि, भाजपा पार्षद कल्लू कुशवाहा मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। उनके साथ कुछ और लोग भी थे। जैसे ही वे सेवड़ा चुंगी चौराहे पर पहुंचे तो हमलवारों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। भाजपा पार्षद को शरीर में तीन गोलियां लगी थीं, इनमें से एक सिर पर और दूसरी पीठ पर। भाजपा पार्षद की हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हत्याकांड के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। कुछ लोग कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहे हैं।

पूर्व पार्षद की हत्या में थे दोषी
जानकारी सामने आई है कि, भाजपा पार्षद कल्लू कुशवाहा हत्या के मामले में दोषी थे। उन्हें पूर्व पार्षद बालकिशन कुशवाहा की हत्या के मामले में दतिया न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। करीब चार महीने पहले ही भाजपा पार्षद कल्लू कुश्वाहा हाई कोर्ट से जमानत लेकर बाहर आए थे। 

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामला वर्चस्व की लड़ाई का भी लग रहा है। कल्लू कुशवाहा पर हत्या, हत्या के प्रयास, तस्करी और आर्म्स एक्ट जैसे मामलों में करीब 15 केस दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि, जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

7