haribhoomi hindi news
छतरपुर में सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी में शामिल होने पहुंचे बसपा नेता की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के पीछे सियासी रंजिश बताई जा रही है। बसपा नेता ने 2023 का विधानसभा चुनाव लड़ा था। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

भोपाल। मध्यप्रदेश में 2023 का विधानसभा चुनाव लड़ने वाले बसपा नेता की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्याकांड के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गुस्साए लोगों ने मौके का वीडियो बना रहे अन्य लोगों से मारपीट की। घटना छतरपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। हत्या के पीछे सियासी रंजिश बताई जा रही है। मंगलवार सुबह 9 बजे शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।     

होटल से निकले तभी बदमाशों ने मार दी गोली 
जानकारी के मुताबिक, ईशानगर में रहने वाले बसपा नेता महेंद्र गुप्ता अपने सुरक्षा गार्ड अब्दुल मंसूरी के साथ सोमवार देर रात पहाड़गांव के मित्र कुलदीप सिंह की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे ​थे। ईशानगर जाने के लिए जुगराज होटल के गेट से बाहर निकले तभी दो बाइक सवार आए और सामने खड़े हो गए। इसके बाद बदमाशों ने बसपा नेता के सिर में दो गोली मार दी। इसके बाद पीछे खड़े दूसरे आरोपी ने एक हवाई फायर किया और फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपियों को पकड़ा जाएगा।

2023 में लड़ा था विधानसभा चुनाव 
महेंद्र ने साल 2023 में छतरपुर की बिजावर सीट से बसपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में महेंद्र तीसरे नंबर पर रहे थे। महेंद्र को 10443 वोट मिले थे। महेंद्र कुमार गुप्ता बसपा के जिला उपाध्यक्ष भी थे। सरपंच भी रह चुके हैं। 

एक साल से मिल रही थीं धमकियां 
जानकारी के मुताबिक, महेंद्र को एक साल से धमकियां मिल रही थीं। एसपी को सुरक्षा के लिए आवेदन दिया था। महेंद्र हमेशा बुलेट प्रूफ जैकेट पहने रहते थे। अपराधियों को पहले से पता था, इसलिए सिर में गोली मारी है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। महेंद्र के ड्राइवर अब्दुल मंसूरी को पूछताछ के लिए थाने ले गई। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

7