Iran claims F-35 Shot Down: ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी 'मेहर' (Mehr News Agency) ने एक सनसनीखेज दावा करते हुए कहा है कि ईरानी सेना ने मध्य ईरान के हवाई क्षेत्र में अमेरिका के दूसरे F-35 फाइटर जेट को मार गिराया है। रिपोर्ट के मुताबिक, विमान पर हुआ हमला इतना सटीक था कि पायलट के बचने की संभावना बेहद कम जताई जा रही है। हालांकि, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) की ओर से अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अगर ईरान का यह दावा सच साबित होता है, तो यह वैश्विक सैन्य शक्ति के संतुलन और अमेरिकी 'स्टील्थ डोमिनेंस' (अदृश्य रहने की क्षमता) के लिए एक बड़ा झटका होगा। F-35 दुनिया के सबसे महंगे और आधुनिक पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमानों में गिना जाता है, जो रडार की नजरों से बचकर दुश्मन के इलाके में घुसने में सक्षम है। ईरान का दावा है कि उनके आधुनिक एयरोस्पेस डिफेंस सिस्टम ने इस विमान को ट्रैक कर सफलतापूर्वक निशाना बनाया है।
Spokesman of Iran's Khatam al-Anbiya Headquarters:
— Mehr News Agency (@MehrnewsCom) April 3, 2026
🔺 A second US fifth-generation F-35 was struck and downed over central Iran.
🔺 Given the massive explosion on impact and during the crash, the pilot is unlikely to have ejected. pic.twitter.com/8TX4jsbebw
ईरान ने इससे पहले भी F-35 को बनाया था निशाना
करीब दो हफ्ते पहले भी ईरान ने एक और F-35 को निशाना बनाने का दावा किया था। उस समय अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिन्स ने स्वीकार किया था कि एक जेट को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी, लेकिन उन्होंने विमान के सुरक्षित होने की बात कही थी। हालांकि, कई अंतरराष्ट्रीय मीडिया सूत्रों ने संकेत दिया था कि विमान ईरानी गोलाबारी से क्षतिग्रस्त हुआ था। अब दूसरे विमान के गिरने की खबर ने पश्चिम एशिया के युद्ध क्षेत्र में खलबली मचा दी है।
ईरान का सबसे ऊंचा 'B1 ब्रिज' तबाह
गुरुवार को अमेरिकी हमलों में ईरान का सबसे ऊंचा पुल 'B1 ब्रिज' तबाह हो गया। 136 मीटर ऊंचा यह पुल तेहरान को पश्चिमी करज से जोड़ने के लिए बनाया जा रहा था। इस हमले में 8 लोगों की मौत हो गई और 95 लोग घायल हुए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पुल के बड़े हिस्से को ढहते हुए देखा जा सकता है।










