SRH vs KKR: आईपीएल 2026 में कोलतकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। अपने होम ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में टीम को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 65 रन से हार का सामना करना पड़ा। 226 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की पूरी टीम सिर्फ 161 रन पर 16 ओवर में सिमट गई। मैच के बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे ने साफ कहा कि टीम को बड़ी साझेदारियों की कमी खली।
रहाणे ने कहा, 'इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करते समय एक-दो बड़ी पार्टनरशिप जरूरी होती है। हमारे बल्लेबाज सेट होने के बाद भी पारी को लंबा नहीं ले जा सके। हम अच्छी शुरुआत के बावजूद मैच को गहराई तक नहीं ले गए।' उन्होंने माना कि पावरप्ले में टीम 78 रन तक पहुंच गई थी, लेकिन एक अतिरिक्त विकेट गिरने से दबाव बढ़ गया।
मुझसे लोग जलते हैं: रहाणे
खुद रहाणे भी इस मैच में ज्यादा योगदान नहीं दे सके और 8 रन बनाकर आउट हो गए। उनकी बल्लेबाजी को लेकर आलोचना हो रही है, जिस पर उन्होंने खुलकर जवाब दिया। रहाणे ने कहा, 'मेरा स्ट्राइक रेट 2023 से काफी अच्छा रहा है। जो लोग बात कर रहे हैं, शायद वे मैच नहीं देख रहे या उनका कोई एजेंडा है। मुझे फर्क नहीं पड़ता, मैं अपने खेल पर ध्यान देता हूं।'
केकेआर की लगातार दूसरी हार
इस मुकाबले में केकेआर की बल्लेबाजी बिखरी हुई नजर आई। खास तौर पर कैमरन ग्रीन और अंगकृष रघुवंशी का रन आउट होना टीम के लिए बड़ा झटका साबित हुआ। रहाणे ने कहा कि मिडिल ओवर्स में टीम को सेट बल्लेबाजों से बड़ी साझेदारी की उम्मीद थी, जो पूरी नहीं हो सकी।
हैदराबाद के खिलाफ बिखरी दिखी बल्लेबाजी
उन्होंने पिच को लेकर भी बात की और बताया कि दूसरी पारी में गेंद धीमी हो रही थी और स्लोअर बॉल ज्यादा पकड़ बना रही थी। उन्होंने कहा, 'हमें लगा था कि विकेट बेहतर होगा, लेकिन गेंद रुककर आ रही थी। हालांकि यह कोई बहाना नहीं है, हमें बेहतर खेलना चाहिए था।'
उन्होंने यह भी कहा कि उनके और फिन एलेन के बीच अच्छी समझ बन रही है और पावरप्ले में आक्रामक खेलना जरूरी है। कभी-कभी लय नहीं मिलती, लेकिन यह खेल का हिस्सा है।
आईपीएल में दूसरी बार केकेआऱ ने लगातार मैच गंवाए
लगातार दो हार के साथ केकेआर का यह सीजन खराब शुरुआत की ओर बढ़ रहा। टीम के इतिहास में यह सिर्फ दूसरी बार है जब उन्होंने पहले दो मैच गंवाए हैं। अब टीम के सामने वापसी की चुनौती है, क्योंकि अगले मुकाबले जल्द ही होने हैं। केकेआर 6 अप्रैल को पंजाब किंग्स और 9 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स से भिड़ेगी।
रहाणे ने कहा, 'टीम को अब संयोजन पर फिर से काम करना होगा और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बल्लेबाज को शामिल करने पर विचार किया जाएगा। होम मैच जीतना बहुत जरूरी है। हमें ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है, बस छोटी-छोटी गलतियों को सुधारना होगा।'









