Logo
भाजपा ने MP में बूथ विजय अभियान का आगाज कर दिया। 10 दिन में दिग्गज नेताओं सहित 41 लाख कार्यकर्ता 64523 बूथों जाकर रोज दो घंटे बिताएंगे। बुधवार को वीडी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस में भगदड़ मची है। हमें इस तरह काम करना है कि सभी बूथ जीत जाएं।

भोपाल। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने मध्यप्रदेश में दस दिन के लिए बूथ विजय अभियान का आगाज कर दिया। पहले दिन बुधवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा भोपाल में बूथ पर जनता और कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे। वीडी शर्मा गोविंदपुरा में अवधपुरी मंडल के वार्ड-61 में बूथ क्रमांक 216 पर पहुंचे। यहां दो घंटे बूथ पर जनता और कार्यकर्ताओं के बीच बिताए। वीडी ने कहा कि कांग्रेस में भगदड़ मची है। हमें इस तरह काम करना है कि सभी बूथ जीत जाएं।

booth victory campaign

रोज दो घंटे बूथ पर बिताएंगे नेता 
बता दें कि विजय अभियान के तहत दस दिन तक अब दिग्गज नेताओं सहित 41 लाख भाजपा कार्यकर्ता बूथ पर पहुंचकर हर दिन दो घंटे बिताएंगे। पहले दिन वीडी के अलावा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल भी बूथ पर पहुंचे। वे भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा में भीमनगर के बूथ पर गए। प्रदेश संगठन महामंत्री हितांनद शर्मा अशोकनगर के मुंगावली विधानसभा के बूथ पर पहुंचे।

डिप्टी सीएम राजेंद्र , कैलाश सहित ये नेता भी बूथों पर पहुंचे 
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल रीवा के दीनदयाल मंडल के वार्ड क्रमांक-22 के बूथ क्रमांक 150 पर पहुंचे। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मंडला के रानी अवंतीबाई वार्ड के बूथ क्रमांक 310 में बूथ कार्यकर्ता और लाभार्थियों से चर्चा की। मंत्री नारायण सिंह पवार राजगढ़ के ब्यावरा वार्ड क्रमांक 14 के बूथ क्रमांक 80 पर पहुंचे। 

वीडी ने हितग्राहियों के साथ सेल्फी भी ली 
भाजपा इस अभियान में केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित होने वाले हितग्राहियों पर फोकस कर रही है। बुधवार को इनकी सभा करके वीडी ने संपर्क अभियान चलाया। वीडी ने हितग्राहियों के साथ सेल्फी भी ली। वीडी ने कहा कि प्रदेश में बहुत कम बूथ बचे हैं, जिन्हें हम विधानसभा चुनाव में नहीं जीत सके हैं। वीडी ने कहा कि कार्यकर्ता इस लक्ष्य को लेकर कार्य करें कि लोकसभा चुनाव में प्रदेश के सभी 64523 बूथों में जीत दर्ज करना है।

बैठक में भी दलबदल हो गया
खास बात यह है कि वीडी जब बूथ पर संपर्क करके बैठक करने पहुंचे तो वहां भी कांग्रेस नेता का दलबदल हो गया। पन्ना स्तर पर बैठक के दौरान ही कांग्रेस के भोपाल के पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार नेमा को वीडी ने भाजपा की सदस्यता दिलाई।  

22 मार्च तक चलेगा अभियान 

  • 370 वोट हर बूथ पर बढ़ाने का लक्ष्य 
  • 10 फीसदी वोट शेयर कुल बढ़ाना 
  • 22 मार्च तक बूथ विजय अभियान चलेगा
  • 41 लाख कार्यकर्ता बूथों पर सम्पर्क करेंगे 
  • 64523 बूथ पर संपर्क अभियान शुरू किया
5379487