भोपाल। प्रदेश की राजधानी में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के निपानिया इलाके में एक कार और भूसे से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।
कार से चाय पीने के लिए निकले थे
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ईंटखेड़ी निवासी गुलाब मेहर के बेटे हर्ष मेहर अपने चचेरे भाई सतीश मेहर और दोस्तों लकी अहिरवार व गब्बर के साथ देर रात करीब 12:00 बजे कार से चाय पीने के लिए निपानिया की ओर निकले थे। चारों युवक गांव से कुछ ही दूरी पर पहुंचे थे कि सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी कार की सीधी भिड़ंत हो गई। ट्रॉली में भूसा भरा हुआ था, जिससे वाहन का संतुलन और दृश्यता दोनों प्रभावित हो रहे थे।
हादसे में कार बुरी तरह चकनाचूर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे के बाद वाहन में फंसे युवकों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम को कार की बॉडी काटनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद शवों और घायल को बाहर निकाला गया। दुर्घटना में हर्ष मेहर, सतीश मेहर और लकी अहिरवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गब्बर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ट्रैक्टर की चालू थी केवल एक हेडलाइट
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली की केवल एक हेडलाइट चालू थी, जिससे सामने से आ रहे वाहन को दूरी और दिशा का सही अंदाजा नहीं लग सका। इसी कारण यह हादसा और भी खतरनाक साबित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।