मध्यप्रदेश। राजधानी भोपाल में दूसरे दिन चयनित शिक्षक अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है। पद वृद्धि मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन के दूसरे दिन मुंडन कराया। इन अभ्यर्थियों ने सोमवार को रैली निकालकर लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) और जनजातीय कार्य विभाग (Tribal Affairs Department) का घेराव किया था। आरोप है कि, कई पद खाली हैं लेकिन इसके बावजूद कम पदों पर भर्ती निकाली गई है।
रुकी हुई है नियुक्ति प्रक्रिया
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि, चयन परीक्षा पास करने के बावजूद लंबे समय से नियुक्ति प्रक्रिया रुकी हुई है। बार-बार सवाल किए जाने पर जिम्मेदारों से आश्वासन तो मिलता है लेकिन कोई फैसला नहीं लिया जाता। इसके चलते अभ्यर्थी परेशान हैं।
25 हजार पदों की मांग
जानकारी के अनुसार शिक्षक चयन परीक्षा में (वर्ग - 2 और वर्ग - 3) उत्तीर्ण अभ्यर्थी पदों की संख्या बढ़ाए जाने की मांग कर रहे हैं। आरोप है कि, हजारों पद रिक्त हैं लेकिन फिर भी सीट कम की गई है। अभ्यर्थी 25 हजार पदों की मांग कर रहे हैं। हालांकि 13 हजार पदों पर भर्ती निकाली गई है। इनमें से करीब 10 हजार पद माध्यमिक शिक्षक के हैं। बाकी बचे तीन हजार पद प्राथमिक शिक्षक के लिए हैं।
अर्धनग्न होकर किया प्रदर्शन
विरोध कर रहे अभ्यर्थियों ने मंगलवार को न केवल मुंडन कराया बल्कि अर्धनग्न होकर नारेबाजी भी की। अभ्यर्थी भर्ती परीक्षा के दूसरे चरण के जल्द चालू किए जाने की मांग भी कर रहे हैं। प्रदर्शन करते हुए अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी थी कि, शिक्षक भर्ती में देरी का असर मध्यप्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर पड़ेगा। इसलिए सरकार को जल्द इस पर फैसला करना चाहिए।











