Logo
Eternal swiggy stock rise: इटरनल और स्विगी के शेयर मल्टी-वीक हाई पर पहुंचे हैं और बाजार में जबरदस्त तेजी है। जोमैटो के एआई हॉटलाइन लॉन्च और म्यूचुअल फंड निवेश से भरोसा बढ़ा है।

Eternal Swiggy stock rise: फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स सेक्टर के शेयरों में मंगलवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। जोमैटो की पैरेंट कंपनी इटरनल और स्विगी के शेयर मल्टी-वीक हाई पर पहुंच गए। बाजार में इस उछाल के पीछे कई बड़े कारण रहे, जिनमें एआई टेक्नोलॉजी, म्यूचुअल फंड निवेश और बड़े ब्लॉक डील शामिल हैं।

इटरनल के शेयर 6% से ज्यादा चढ़कर 307.45 रुपये पर पहुंच गए, जो 21 नवंबर के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। वहीं स्विगी के शेयर भी 5% से ज्यादा उछलकर 350.95 रुपये पर ट्रेड करते दिखे, जो करीब एक महीने का हाई है।

तेजी की एक बड़ी वजह जोमैटो का नया एआई-पावर्ड हॉटलाइन लॉन्च माना जा रहा है। कंपनी ने 89200 89200 नंबर के जरिए डिलीवरी पार्टनर ऑनबोर्डिंग को आसान बनाने का दावा किया है। कंपनी के मुताबिक, कॉल करने के बाद एआई-आधारित व्हाट्सऐप प्रक्रिया शुरू हो जाती है, जिसमें ऑनबोर्डिंग और बैकग्राउंड वेरिफिकेशन कुछ ही मिनटों में पूरा हो जाता है। इससे पहले कंपनी नगेट नाम का एआई ग्राहक सहायता प्लेटफॉर्म भी लॉन्च कर चुकी।

इसके अलावा घरेलू म्यूचुअल फंड्स की बढ़ती हिस्सेदारी ने भी निवेशकों का भरोसा मजबूत किया। रिपोर्ट के अनुसार, 2025 के अंत तक म्यूचुअल फंड्स ने नई टेक कंपनियों में करीब 1.77 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया, जो पिछले साल के मुकाबले लगभग दोगुना है। इटरनल और स्विगी इनमें प्रमुख हिस्सेदारी वाले शेयर रहे। खासकर स्विगी के 10,000 करोड़ रुपये के शेयर सेल में म्यूचुअल फंड्स बड़े खरीदार बने।

बाजार में बड़े ब्लॉक डील्स ने भी शेयरों को सपोर्ट दिया। इटरनल के करीब 1.19 करोड़ शेयर ब्लॉक डील में बदले, जिनकी कीमत करीब 344 करोड़ रुपये आंकी गई। वहीं Swiggy के 21.60 लाख से ज्यादा शेयर छह बड़े ब्लॉक डील्स में ट्रांसफर हुए, जिनकी वैल्यू करीब 72 करोड़ रुपये रही। इन सभी पॉजिटिव फैक्टर्स ने मिलकर डिलीवरी टेक सेक्टर में निवेशकों का भरोसा बढ़ाया और शेयरों में मजबूत तेजी देखने को मिली।

(प्रियंका कुमारी)

5379487