Logo
गांधी मेडिकल कॉलेज (GMC) में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही छात्रा रोशनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

गांधी मेडिकल कॉलेज (GMC) में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही छात्रा रोशनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा का शव कोहेफिजा थाना क्षेत्र स्थित एक प्राइवेट हॉस्टल के बाथरूम में मिला। मौके से एक खाली एसिड की बोतल भी बरामद हुई है, जिसके चलते मामला और गंभीर हो गया है। जानकारी के अनुसार, रोशनी ने अक्टूबर 2025 में ही एमबीबीएस फर्स्ट ईयर में एडमिशन लिया था। वह डे-स्कॉलर थी और पढ़ाई के लिए हॉस्टल में रह रही थी। सोमवार सुबह जब वह कॉलेज जाने के लिए अपने कमरे से बाहर नहीं निकली, तो साथ पढ़ने वाली छात्राओं को शक हुआ। कई बार आवाज देने और फोन कॉल करने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो हॉस्टल गार्ड को सूचना दी गई।

गार्ड ने पहले कमरे और फिर बाथरूम का दरवाजा तोड़ा, जहां रोशनी बेसुध हालत में पड़ी मिली। पास में ही एसिड की एक खाली बोतल भी रखी हुई थी। घटना की सूचना तत्काल कॉलेज प्रबंधन को दी गई। इसके बाद छात्रा को सुबह करीब 8:30 बजे हमीदिया अस्पताल के इमरजेंसी विभाग ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

रोशनी आलीराजपुर जिले की रहने वाली थी और पिछले सप्ताह ही घर से लौटकर भोपाल आई थी। साथी छात्रों के मुताबिक, वह पढ़ाई को लेकर काफी गंभीर रहती थी और स्वभाव से शांत थी। गांधी मेडिकल कॉलेज की डीन कविता एन. सिंह ने बताया कि रोशनी के मोबाइल से परिजनों को भेजे गए मैसेज मिले हैं, जिनसे संकेत मिलता है कि वह पढ़ाई के दबाव और समझ में दिक्कत आने के कारण तनाव में थी।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मसूरी क्षेत्र स्थित मॉर्चुरी भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। कोहेफिजा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। छात्रा की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

5379487