Rajgarh News: जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में 20 वर्षीय युवक रोशन तंवर की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा बुधवार रात पूरा बारोल जोड़ के समीप हुआ। रोशन अपनी बाइक से लालपुरिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल से उसकी सीधी और तेज भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोशन सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद युवक के परिजनों ने गुरुवार 12 फरवरी को उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
पुलिस ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को तत्काल खिलचीपुर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर विशाल सिसोदिया ने बताया कि युवक के सीने में बाइक के हैंडल से गहरी चोट लगी थी, जिससे उसके अंदरूनी अंगों को गंभीर क्षति पहुंची। यही गंभीर अंदरूनी चोट उसकी मौत का मुख्य कारण बनी। दुर्घटना में उसके एक हाथ में भी फ्रैक्चर भी पाया गया।
हादसे के बाद दूसरी बाइक का चालक अपनी मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। रोशन तंवर की असमय मौत से उसके गांव चांदपुर में गहरा शोक व्याप्त है।
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद गुरुवार को ही परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित शामिल हुए। इस दुखद घटना से परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में मातम का माहौल है।
(एपी सिंह)










