Logo
एपस्टीन फाइल्स से जुड़े कथित एआई पोस्ट को लेकर जबलपुर में FIR दर्ज की। पोस्ट में पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप को दिखाए जाने पर विवाद खड़ा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Epstein Files Controversy: दुनिया भर में इस समय एपस्टीन फाइल्स की चर्चा है। भारत में भी इसे लेकर काफी हंगामा हो रहा है। इस बीच मध्यप्रदेश के जबलपुर में मामले से जुड़ी पहली एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एमपी यूथ कांग्रेस ने एक आपत्तिजनक पोस्ट शेयर किया था जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दिखाई दे रहे थे। इसी को लेकर थाने में नगर निगम एक्जिक्यूटिव इंजिनियर ने शिकायत की। 

एआई जनरेटेड तस्वीरें
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ओमती थाना क्षेत्र में दर्ज शिकायत में कहा गया था कि, यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एआई जनरेटेड तस्वीरें शेयर की जिसमें शहर के अलग - अलग स्थानों पर यूनिपोल पोस्टर लगाए गए दिखाई दिए। इन पोस्टर्स में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप से जुड़ा आपत्तिजनक एआई कंटेंट है।

अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
नगर निगम एक्जिक्यूटिव इंजिनियर शैलेन्द्र सिंह कौरव का कहना है कि, असल में शहर में ऐसे कोई पोस्टर नहीं लगाए गए। पुलिस ने यूथ कांग्रेस के सोशल मीडिया हैंडल को चलाने वाले अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

सोशल मीडिया पर मिले दो पोस्टर
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी का कहना है कि, अब तक सोशल मीडिया पर दो पोस्टर मिले हैं। पोस्ट में बताए गए यूनिपोल की जांच करने पर पता चला कि, वहां किसी अन्य कंपनी के पोस्टर लगे हैं। इस तरह यूथ कांग्रेस के द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर की गई जानकारी भ्रामक हो सकती है।

क्या है एपस्टीन फाइल्स
एपस्टीन फाइल्स केस जेफ्री एपस्टीन से जुड़ा है। वह अमेरिका के न्यूयोर्क में रहने वाला करोड़पति फाइनेंसर था। बड़े नेताओं और सेलिब्रिटी में उसका उठाना बैठना था। एपस्टीन एक आइलैंड पर पार्टी करता था जिसमें कई बड़ी हस्तियां शामिल होती थीं। इन्हीं पार्टीज से जुड़े कई मेल और तस्वीरें सामने आई हैं जिन्हें एपस्टीन फाइल्स कहा गया है। ट्रंप समेत दुनियाभर के कई रसूखदार लोग पार्टी से जुड़ी तस्वीरों में दिखाई दिए हैं। नाबालिग बच्ची से सेक्स की डिमांड करने के मामले में वो दोषी पाया गया था जबकि ह्यूमन ट्रैफिकिंग केस में उसकी गिरफ्तारी हुई थी। जेल में ही उसकी मौत हो गई थी।

5379487