Logo
भोपाल की एक निजी कंपनी में कार्यरत महिला से नासिक के एक व्यक्ति ने डॉलर उपलब्ध कराने का झांसा देकर करीब 2.92 लाख रुपए ठग लिए। तीन किस्तों में रकम लेने के बाद आरोपी का फोन बंद हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भोपाल। अमेरिकी करेंसी एक्सचेंज करने के बहाने एक महिला के साथ ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक निजी मार्केटिंग कंपनी में काम करने वाली 25 वर्षीय युवती से नासिक निवासी एक व्यक्ति ने रुपए के बादले यूएस डॉलर दिलाने का भरोसा देकर करीब 2 लाख 92 हजार रुपए ठग लिए। आरोपी ने रुपए मिलते ही महिला से संपर्क खत्म कर लिया। ठगी का शिकार हुई युवती ने इस घटना की पुलिस में एफआईआर दर्ज करा दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को आरोपी के बारे में अब तक अधिक जानकारी  नहीं मिल सकी है। 

पुलिस ने बताया कि गांधी नगर क्षेत्र में रहने वाली विनिता प्रजापति यूएस डॉलर लेना चाहती थीं। इसी सिलसिले में उनका संपर्क नासिक के रविप्रकाश त्रिपाठी से हुआ। उसने खुद को करेंसी एक्सचेंज से जुड़ा बताते हुए युवती को भरोसा दिया कि भुगतान होते ही डॉलर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। दोनों के बीच बातचीत के बाद सौदा तय हो गया। इसके बाद विनीता ने सितंबर से दिसंबर 2025 के बीच तीन ट्रांजेक्शनों के माध्यम से कुल 2,92,890 रुपए आरोपी के बताए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। शुरुआत में आरोपी आश्वासन देता रहा कि जल्द डॉलर भेज दिए जाएंगे, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी डॉलर की डिलीवरी नहीं हुई। 

विनिता ने जब आरोपी से बार-बार संपर्क करने की कोशिश की, तो आरोपी ने अपना फोन बंद कर लिया। इसके बाद महिला को ठगे जाने का अहसास हुआ। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में इस घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खाते की जानकारी, लेनदेन का रिकॉर्ड और आरोपी की लोकेशन निकालने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने कहा कि सभी संभावित उपायों से आरोपी तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने दावा किया कि जल्दी ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।   
(एपी सिंह की रिपोर्ट)

5379487