Logo
सिंगरौली के अतरवा गांव में अंधविश्वास में एक युवक ने पूजा के बहाने दो पड़ोसियों को बुलाकर धारदार हथियार से उनके सिर धड़ से अलग कर दिए। पुलिस ने बताया कि पत्नी के मिसकैरेज के बाद आरोपी को देवी के नाराज होने का भ्रम था।

Singrauli News: प्रदेश के सिंगरौली जिले से मिली एक दिल दहला देने वाली घटना में एक युवक ने देवी को खुश करने के लिए अपने दो पड़ोसियों के सिर धड़ से अलग कर दिए। जिले के अतरवा गांव में गुरुवार तड़के आरोपी युवक ने दोनों को पूजा में शामिल होने के लिए अपने घर बुलाया, लेकिन वहां जो हुआ उसने पूरे गांव को दहशत में डाल दिया।

पुलिस के अनुसार यह वारदात सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुई। 21 वर्षीय छत्रपति सिंह ने पड़ोस में रहने वाली 50 वर्षीय फूल कुमारी सिंह और 65 वर्षीय केमला सिंह समेत कुछ लोगों को पूजा के लिए आमंत्रित किया था। 

आरोपी ने दो दिन पहले ही अपने घर के बाहर मिट्टी का एक चबूतरा बनाकर पूजा की तैयारी शुरू कर दी थी। जैसे ही लोग वहां एकत्र हुए, उसने अचानक धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमला इतना जबरदस्त था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। युवक ने बीच-बचाव के लिए पहुंचे सुमित्रा सिंह और रामभजन सिंह पर भी वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव में था। उसकी पत्नी का गर्भपात हो गया था, जिसके बाद उसे लगा कि देवी-उससे नाराज हो गई हैं। इसी वजह से उसने पूजा का आयोजन किया था। माना जा रहा है कि युवक ने देवी को प्रसन्न करने के लिए इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से नारियल, अगरबत्ती और अन्य पूजा सामग्री बरामद की है।

पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष खत्री ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और सभी पहलुओं पर गहनता के साथ जांच की जा रही है। इस वारदात के बाद गांव में भय और शोक का माहौल है। इस घटना ने साबित कर दिया है कि अंधविश्वास में लोग  किस स्तर तक गिर सकते हैं। साथ ही यह घटना यह भी उजागर करती है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज के समय में भी अंधविश्वास गहराई तक समाया हुआ है। 
(एपी सिंह)

5379487