Logo
PM Narendra Modi Jharkhand Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शुक्रवार से अपना तूफानी दौरा शुरू किया है। वह झारखंड के बाद पश्चिम बंगाल जाएंगे। 2 मार्च को पीएम मोदी बिहार का दौरा करेंगे। इस दौरान 96 लोकसभा सीटों को साधेंगे।

PM Narendra Modi Jharkhand Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के सिंदरी में अपनी बात जय जुहार से शुरू की। उन्होंने कहा कि मैंने वादा किया था कि सिंदरी में खाद प्लांट जरूर बनवाऊंगा। अब इसका उद्घाटन हुआ। यह मोदी की गारंटी है। आज न सिर्फ सिंदरी कारखाने की शुरुआत नहीं हुई है, बल्कि नौजवानों के रोजगार के हजारों अवसरों की शुरुआत हुई है। इस कारखाने के लोकार्पण के साथ ही आज भारत ने आत्मनिर्भरता की ओर भी एक बड़ा कदम उठाया है।

यूपीए शासन में 225 मीट्रिक टन था यूरिया का उत्पादन
पीएम मोदी ने कहा कि हर वर्ष भारत में करीब 360 लाख मीट्रिक टन यूरिया की जरूरत होती है। 2014 में हमारी सरकार बनी तो उस वक्त देश में 225 लाख मीट्रिक टन यूरिया का उत्पादन होता था। इस बड़े गैप को भरने के लिए भारत में बड़ी मात्रा में यूरिया का आयात करना पड़ता था। इसलिए संकल्प लिया कि देश को यूरिया के मामले में आत्मनिर्भर बनाएंगे। हमारी सरकार के प्रयासों से बीते 10 साल में यूरिया का उत्पादन बढ़कर 310 मीट्रिक टन हो गया है। 10 साल में रामागुंडम, गोरखपुर और बरौनी में फिर से प्लांट शुरू करवाए। इसमें अब सिंदरी का भी नाम जुड़ गया है।

मुझे भरोसा, तालचेल प्लांट का भी मैं ही उद्घाटन करूंगा
पीएम मोदी ने कहा कि तालचेल फर्टिलाइजर प्लांट भी एक से डेढ़ साल में शुरू होने जा रहा है। मुझे अपने देशवासियों पर पक्का भरोसा है कि उसके उद्घाटन के लिए मैं जरूर पहुंचूंगा। इन पांचों प्लांट से भारत 60 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा यूरिया का उत्पादन कर पाएगा। यानी भारत तेजी से यूरिया के मामले में आत्मनिर्भर होने की दिशा में बढ़ रहा है। इससे विदेशी मुद्रा बढ़ेगी। वह पैसा किसानों के हित में खर्च होगा। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज रेल क्रांति का नया युग भी शुरू हो रहा है। नई रेलवे लाइन की शुरुआत, मौजूदा लाइन के दोहरीकरण के प्रोजेक्ट शुरू हुए हैं। देवघर, डिब्रूगढ़ ट्रेन के शुरू होने से बाबा देवघर और मां कामख्या एक साथ जुड़ जाएंगे। कुछ दिन पहले वाराणसी में कोलकाता रांची एक्सप्रेस की आधारशिला रखी है। इससे पूरे झारखंड में आने जाने की स्पीड बढ़ जाएगी। आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

झारखंड को हर सहयोग दे रही केंद्र सरकार
10 सालों में हमने जनजातीय समाज, गरीबों, युवाओं और महिलाओं को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाकर झारखंड के लिए काम किया है। 2047 से पहले देश को विकसित बनाना है। आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था वाले देशों में है। कल ही अर्थव्यवस्था जो आंकड़े आए हैं, वह उत्साह भरने वाले हैं। भारत ने सारे अनुमानों से बेहतर प्रदर्शन किया है। 8.4 की विकास दर हासिल की है। इसी गति से आगे बढ़ते ही हमारा देश विकसित बनेगा। इसके लिए झारखंड को भी विकसित बनाना उतना ही जरूरी है। केंद्र सरकार झारखंड को हर क्षेत्र में सहयोग कर रही है। बिरसा मुंडा ही यह धरती विकास में सहभागी बनेगी। 

पीएम मोदी ने फर्टिलाइजर प्लांट का किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया, अर्जुन मुंडा और सीएम चंपई सोरेन के साथ सिंदरी में फर्टिलाइजर प्लांट का निरीक्षण किया। पीएम मोदी ने इस प्लांट का उद्घाटन किया। गोरखपुर और रामागुंडम में फर्टिलाइजर प्लांट्स के पुनरुद्धार के बाद यह देश का तीसरा प्लांट है। पीएम मोदी ने करीब 36 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। 

यह भी पढ़ें: 2 दिन, 3 राज्य...24 करोड़ लोगों को साधेंगे पीएम मोदी: झारखंड, बंगाल और बिहार में करेंगे जनसभाएं, 92.5 करोड़ की देंगे सौगात

केंद्रीय मंत्री मुंडा बोले- 5 लाख करोड़ का एक्सपोर्ट कृषि सेक्टर से कर रहे
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि आज सिंदरी फर्टिलाइर प्लांट का उद्घाटन हुआ है। लोग नाउम्मीद थे। लेकिन नई आशा का संचार हुआ है। यह खाद कारखाना पिछले कई सालों तक बंद रहा। लेकिन यूपीए सरकार ने ध्यान नहीं दिया। 

2013-14 में कृषि क्षेत्र में काम करने के लिए बजट आवंटन 21,933 करोड़ रुपए था। आज गर्व से कह सकते हैं कि 2023-24 में काम करने के लिए 1,15,531 करोड़ रुपये का आवंट किया गया है। कृषि उपज 2013-14 में 265 मिलियन टन था, और 2022-23 में यह 329 मिलियन टन था। अब 355 मिलियन टन हो गया है। अब 5 लाख करोड़ का एक्सपोर्ट हम कृषि सेक्टर से कर रहे हैं। 

धनबाद में जनसभा, फिर बंगाल जाएंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी ने दिल्ली में शुक्रवार तड़के 3 बजे तक बैठक की। इसके बाद वे झारखंड और पश्चिम बंगाल के दौरे पर रवाना हो गए। पीएम ने सबसे पहले झारखंड के सिंदरी में विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इसके बाद धनबाद से वे चुनावी बिगुल फूंकेंगे। धनबाद में पीएम मोदी की जनसभा होगी। इसके बाद पीएम मोदी पश्चिम बंगाल रवाना होंगे। आरामबाग में उनकी जनसभा होगी। यहां भी कई विकास परियोजनाएं जनता को समर्पित की जाएंगी। संदेशखाली प्रकरण के बीच पीएम मोदी का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। 

5379487