Satta Bazar: झारखंड में किसकी बनेगी सरकार?; नतीजों से पहले फलौदी सट्टा बाजार की चौंकाने वाली भविष्यवाणी

phalodi satta bazar on jharkhand chunav 2024
X
phalodi satta bazar on jharkhand chunav 2024
Satta Bazar: झारखंड में किसकी सरकार बनेगी? फैसला शनिवार (23 नवंबर) को होगा। रिजल्ट से पहले फलौदी सट्टा बाजार ने बड़ी भविष्यवाणी की है। जानिए सट्टा बाजार का चौंकाने वाला दावा क्या कहता है। 

Satta Bazar: झारखंड में विधानसभा चुनाव की वोटिंग हो चुकी है। 81 सीटों पर चुनाव लड़ने वाले 1211 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद हो गई है। तमाम एजेंसियों के एग्जिट पोल भी सामने आ चुके हैं। फाइनल रिजल्ट 23 नवंबर को आएगा। JMM सत्ता में वापसी कर रही है? या फिर BJP सरकार बना रही है? नतीजों की तस्वीरें साफ होने से पहले राजस्थान के फलौदी सट्टा बाजार ने बड़ी भविष्यवाणी की है। 2024 में किसकी सरकार बनेगी, किसे, कितनी सीटें मिलेंगी? जानिए सट्टा बाजार का चौंकाने वाला दावा क्या कहता है।

81 सीटों पर 67.74 फीसदी वोटिंग
झारखंड में विधानसभा की कुल 81 सीटें हैं। सरकार बनाने के लिए 41 सीट जीतना जरूरी है। 81 सीटों पर कुल 67.74 प्रतिशत मतदान हुआ है। 1 करोड़ 76 लाख 81 हजार सात लोगों ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। 68 सीटों पर महिलाओं ने पुरुषों से ज्यादा वोट डाले हैं। 13 नवंबर को पहले चरण में 43 सीटों पर मतदान हुआ। पहले चरण में औसत 66.65 फीसदी लोगों ने वोट डाले। दूसरे चरण में 12 जिले की 38 सीटों पर 20 नवंबर को वोटिंग हुई। सेकंड फेज की 38 सीटों पर 67.59% मतदान हुआ।

किस दल ने कितनी सीटों पर लड़ा चुनाव
झारखंड में NDA और INDIA गठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला है। 2024 में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) 41 सीटें, कांग्रेस 29 सीटें, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) 6 सीटें और वाम दल 4 सीटों से चुनावी मैदान में हैं। इसके अलावा, एक सीट दूसरी पार्टियों के लिए छोड़ी गई है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की तरफ से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 68 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (AJSU) 10, जनता दल (यूनाइटेड) 2 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) ने 1 सीट पर अपने कैंडिडेट्स को चुनावी मैदान में उतारा है।

NDA की सरकार बनने की संभावना ज्यादा
फलौदी सट्टा बाजार की भविष्यवाणी के मुताबिक, 2024 में BJP गठबंधन (NDA) की सरकार बनाने की संभावना अधिक है। NDA को इस बार 35-39 सीटें मिल सकती हैं। भाजपा को 28-31, AJSU को 4-6, JDU को 1-2 और LJP(R) को 0-1 सीट मिल सकती है। सट्टा किंग के मुताबिक, अन्य को 0.-2 सीटें मिल सकती हैं। जीतने वाले गठबंधन और हारने वाले गठबंधन के बीच सीटों का अंतर बहुत कम होगा।

INDIA Block को 38 सीटें दे रहा सट्टा बाजार
सट्टा बाजार के मुताबिक, झामुमो+INDIA Block को 35-38 सीटें मिलने की संभावना है। इसमें JMM को 24-28, कांग्रेस को 7-9, CPL(ML) को 1-2 और RJD को 0-1 सीट मिल सकती है। अन्य को भी 0-2 सीटें मिलने की उम्मीद है। सट्टा किंग के दावे के मुताबिक, झारखंड की JLKM जैसी लोकल पार्टियां और निर्दलीय कैंडिडेट भी सरकार बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। NDA किसी निर्दलीय विधायक या छोटी पार्टियों की मदद ले सकता है।

वर्तमान में किसके, कितने विधायक
वर्तमान में JMM के 25 विधायक हैं। कांग्रेस के 17, RJD और CPL(ML) के 1 विधायक को मिलाकर INDIA Block के कुल 44 विधायक हैं। NDA की बात करें तो BJP के 28, AJSU 3 और JDU 1 के एक विधायक हैं। हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री हैं।

2019 में किसने कितनी सीटें जीती थीं
2019 के चुनाव की बात करें तो BJP को 25 सीटें मिली थीं। AJSU को पिछले चुनाव में 2 सीट मिली थी। JDU और LJP (R) को पिछले चुनाव में एक भी सीट नहीं मिली थी। कांग्रेस ने 16 सीटें जीती थीं। पिछले चुनाव में JMM के पास 30 सीटें थीं। RJD और लेफ्ट ने एक-एक सीट जीती थी।

(Disclaimer: देश में सट्टेबाजी गैर-कानूनी है। इसमें जीत-हार की कोई गारंटी नहीं होती है। उपरोक्त लेख केवल जानकारी के लिए है, हरिभूमि डिजिटल किसी भी प्रकार की सट्टेबाजी और हार-जीत के दावों को प्रमोट नहीं करता है)

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story