जजपा के लिए आफत बने देवेंद्र: महिला ने अपने बच्चों का पिता होने का किया दावा, हाईकोर्ट ने दिए डीएनए टेस्ट के आदेश

JJP leader Devendra Kadian.
X
जजपा नेता देवेंद्र कादियान। 
पानीपत में जजपा नेता देवेंद्र कादियान पर एक महिला ने अपने बच्चे का पिता होने का दावा किया। हाई कोर्ट ने मामले में देवेंद्र का डीएनए टेस्ट करवाने के निर्देश दिए।

पानीपत: जननायक जनता पार्टी यानि जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय चौटाला के सगे साले के दामाद देवेंद्र कादियान विधानसभा चुनाव के माहौल में जजपा के गले की हड्डी बन गए है। देवेंद्र पर एक महिला ने जहां अपने बच्चे का पिता होने का दवा किया है। वहीं महिला की याचिका पर सुनवाई करते हुए पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने जजपा नेता देवेंद्र कादियान के डीएनए टेस्ट के आदेश दिए है। वहीं, कादियान ने इसे अपने खिलाफ राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा कि वे हाईकोर्ट के आदेश पर डीएनए टेस्ट के लिए तैयार है।

यह है पूरा मामला

हाईकोर्ट में दायर याचिका में महिला ने दावा किया कि देवेंद्र कादियान ने 16 अप्रैल 2003 को उसके साथ जम्मू कश्मीर के कटरा में शादी की थी। शादी के एक साल बाद तक वे दोनों दपंति की तरह गुरुग्राम में रहे। इसके बाद वे मुंबई में रहे, जहां वह गर्भवती हो गई। इसके बाद देवेंद्र व उसके बीच तनाव रहने लगा और आए दिन झगडे़ के चलते उसका गर्भपात हो गया। वहीं वह फिर गर्भवती हो गई और 20 जून 2005 को हिसार में उसने उनके पैतृक घर में बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद देवेंद्र कादियान से कहा कि वह अपने माता-पिता को बच्चे के जन्म के बारे में सूचित कर दे।

महिला से संबंध कर लिए थे खत्म

महिला ने आरोप लगाया कि देवेंद्र कादियान ने उसकी नहीं सुनी और उससे संबंध खत्म कर दिए। देवेंद्र उससे छिप कर रहने लगा। महिला का दावा है कि उसने देवेंद्र कादियान को पानीपत स्थित उसके आवास पर पकड़ लिया। इसके बाद देवेंद्र फिर से उसके साथ रहने लगा। महिला ने बताया कि सन 2011 में देवेंद्र उसे छोड़ कर विदेश चला गया और सन 2014 में वापस भारत आया। महिला का आरोप है कि उसने फिर देवेंद्र से संपर्क किया तो उसने बच्चे व उसे अपनाने से इंकार कर दिया।

राजनीतिक हो रही साजिश

जजपा नेता देवेंद्र कादियान ने कहा कि मेरा आरोप लगाने वाली महिला से कोई संबंध नहीं है, मेरे खिलाफ राजनीतिक साजिश की जा रही है। चुनाव आते ही महिला उनके पीछे लग जाती है। महिला ने फर्जी कागजात बनाए और हाईकोर्ट में चली गई। महिला की मंशा उससे रुपए एंठने की है। वह महिला के खिलाफ कोर्ट में न्याय के लिए लड़ रहे हैं। वे हाईकोर्ट के आदेश का सम्मान करते है और डीएनए टेस्ट के लिए तैयार है।

राजनीतिक परिवार से है देवेंद्र

मूल रूप से पानीपत के गांव सिवाह के निवासी देवेंद्र कादियान के पिता स्व. सतबीर सिंह कादियान, नौल्था विधानसभा से तीन बार विधायक रहे। इनेलो राज में मंत्री, इफ्को के चेयरमैन और हरियाणा विधानसभा के स्पीकर रहे। इस दौरान देवेंद्र कादियान का विवाह डॉ. अजय चौटाला के सगे साले की लड़की के साथ हुआ। जजपा के अस्तित्व में आने के बाद देवेंद्र कादियान ने 2019 का विधानसभा चुनाव जजपा के टिकट पर लड़ा और भाजपा के पंचायत एवं सहकारिता मंत्री महिपाल ढांडा से चुनाव हार गए।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story